अंबिकापर।। खबरी गुल्लक।। 27 मई 2026
सीतापुर के उप तहसील राजापुर में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ मारपीट किए जाने के मामले में अंबिकापुर कोतवाली पुलिस ने सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो,सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। नायब तहसीलदार ने आरोप लगाया है कि बुधवार को सीतापुर विधायक के निज सचिव ने फोन कर उन्हें और एसडीएम को बाहर मिलने के लिए बुलाया और मारपीट की थी। ज्ञात हो कि विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी और नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के बीच एक प्रमाणपत्र बनवाने को लेकर तू तू मैं मैं हुआ था, इसके बाद सीमा धनकी ने नायब तहसीलदार के खिलाफ अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया था, इस घटना के बाद ही मारपीट की घटना हुई थी।
मारपीट की घटना के बाद विधायक की चचेरी बहन ने सीतापुर थाना में नायब तहसीलदार के खिलाफ अभद्र व्यवहार और अपमान का आरोप लगाते हुए अपराध दर्ज किए जाने की मांग की थी। इधर नायब तहसीलदार के साथ हुए मारपीट की घटना का कनिष्ठ प्रशासनिक संघ के द्वारा कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। संघ के पदाधिकारियों के साथ पीड़ित नायब तहसीलदार ने अंबिकापुर कोतवाली में घटना की शिकायक की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम राजा, पंकज गुप्ता समेत कुल दस लोगों का नाम बताया है। पुलिस ने FIR में भारतीय दंड संहिता की धारा 132 (शासकीय कार्य में बाधा), 191(2) के साथ-साथ BNS की धारा 221 व 221(1) के तहत आरोप दर्ज किया है। मामले की प्रविष्टि को कोतवाली ने ज़ीरो में प्राथमिक दर्ज केस डायरी संबंधित थाने भेजा है। पुलिस ने जांच कार्रवाई आरंभ कर दी है। इस संबंध में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो से संपर्क नहीं हो पाने के कारण उनका पक्ष नहीं लिया जा सका। उन्होंने अभी तक कोई अधिकृत बयान भी जारी नहीं किया है।




