दुर्ग/ भिलाई । खबरी गुल्लक
वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर में शुक्रवार दोपहर एक नर्सिंग छात्रा की उसके किराए के मकान में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 20 वर्षीय खुशी साहू के रूप में हुई है, जो बेमेतरा जिले के बेरला ब्लॉक के ग्राम कुम्ही की रहने वाली थी और करीब डेढ़ महीने पहले भिलाई आई थी। पुलिस के अनुसार घटना उस समय हुई जब खुशी की रूममेट सुबह लगभग 12 बजे नहाने गई हुई थी। रूममेट ने बताया कि कमरे का गेट खुला था। बाथरूम से वापस आने पर उसने देखा कि खुशी खून से लथपथ पड़ी हुई है। रूममेट ने पहले परिजनों को सूचना दी कि खुशी ने अपने हाथ की नस काट ली है और उन्हें अस्पताल बुलाया था। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि खुशी पर कई धारदार हथियार से वार किए गए थे और उसकी मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि खुशी साहू शंकराचार्य नर्सिंग कॉलेज में बी.फार्मेसी की पढ़ाई कर रही थी और कॉलेज के साथ पीजी में रह रही थी। पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए वह वैशाली नगर के फ्रेंड्स कैफे में भी काम करती थी। करीब पांच दिन पहले उसकी एक सहेली भी गांव से भिलाई आकर उसी के साथ रहने लगी थी।
वारदात के बाद पुलिस ने शुरुआती जांच में हत्या के समय कमरे में कोई साक्ष्य मिलने पर आरोपी की पतासाजी शुरू कर दी है। घटना से पहले खुशी फोन पर किसी से बातचीत कर रही थी, पुलिस कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर खुशी के कथित प्रेमी की पहचान की है और उसे हिरासत में लेने की कोशिशें जारी हैं। परिजनों ने हत्यारे शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुत्री की हत्या से परिजनों में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।




