अंबिकापुर । खबरी गुल्लक
थाना सीतापुर में हुई एक बड़ी उठाईगिरी ज्वैलरी चोरी कांड के सिलसिले में संयुक्त पुलिस टीम को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा-निर्देशन में आयोजित छापेमारी में आरोपी दास नागेश्वर 45 वर्ष निवासी नारायणपुर पोड़िया, थाना आस्का, जिला गंजाम, उड़ीसा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 10,000 रुपये नगद जब्त किए गए हैं और पूर्व में आरोपी के अन्य साथियों के कब्जे से कुल लगभग 300.92 ग्राम सोने के आभूषण लगभग 43 लाख रुपये मूल्य तथा करीब 1,168 ग्राम चांदी लगभग 3 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं। बरामद कुल आभूषणों की कीमत लगभग 46 लाख रुपये आंकी गई है।
विदित हो कि 26 जुलाई 2026 को शिकायतकर्ता अरुणदेव सोनी ने थाना सीतापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे हाईस्कूल सीतापुर के पास कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स संचालित करते हैं। सुबह करीब 11:30 बजे स्कूटी पर ज्वेलरी का बैग दुकान के पास रखकर शटर खोलते समय अज्ञात चार व्यक्ति दो मोटरसाइकिल पर आए और बैग लेकर फरार हो गए। चोरी गई सोने-चांदी की ज्वैलरी की अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई गई। शिकायत पर थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 296/2026 धारा 303(2) बी.एन.एस. के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
प्रकरण की तफ्तीश डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी तथा नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के निर्देश पर राज्य पुलिस मुख्यालय और साइबर सेल अम्बिकापुर एवं थाना सीतापुर की संयुक्त टीम ने की। घटनास्थल और आस-पास के लगभग 500 सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से संदिग्धों की गतिविधियों व रूट का पता लगाया गया। फुटेज से संदिग्धों के रूट का पता सरगुजा क्षेत्र के ग्राम गेरसा, जशपुर क्षेत्र कांसाबेल, कुनकुरी, सिंगीबहार, झारखंड के कुरडेग, खैरनटोली, सिमडेगा तथा उड़ीसा के सुंदरगढ़ व अन्य स्थानों तक जुड़ा पाया गया। इस जानकारी के आधार पर विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर संदिग्धों की पहचान की गई। साइबर सेल अम्बिकापुर एवं थाना सीतापुर की संयुक्त टीम ने उड़ीसा में स्थानीय पुलिस के सहयोग से लगातार 10 दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान मुखबिर सूचना पर 16 अगस्त 2026 की रात से घर लौटे संदिग्ध चंटी दास के घर तलाशी ली गई। चंटी दास घर पर उपस्थित नहीं मिला, किन्तु तलाशी के दौरान सीतापुर से चोरी की गई आभूषण करीब 300.92 ग्राम सोना, लगभग 43 लाख रुपये मूल्य तथा करीब 1,168 ग्राम चांदी, लगभग 3 लाख रुपये गवाहों के समक्ष जब्त किए गए।
आरोपी दास नागेश्वर से पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह और उसके अन्य साथियों ने मिलकर संगठित गिरोह बनाकर उक्त उठाईगिरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी पर प्रकरण में धारा 111(2), 3(5) बी.एन.एस. जोड़ी गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले पाये जाने की जानकारी आईसीजीएस पोर्टल से प्राप्त की है—वर्ष 2021 में थाना आस्का, गंजाम उड़ीसा में उड़ीसा आबकारी एक्ट के तहत तथा थाना चिन्डीपाड़ा में 379, 392 भादवि आदि धाराओं के अंतर्गत पंजीकृत मामले इस बात का संकेत हैं कि आरोपी आदतन अपराधी प्रवृत्ति का है।
पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से 10,000 रुपये नगद बरामद किए हैं। बाकी फरार आरोपियों की सक्रिय खोज जारी है और तकनीकी विश्लेषण व अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय जारी रखते हुए जल्द ही शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन प्रयास किए जा रहे हैं। पूरी कार्रवाई में साइबर सेल अम्बिकापुर के सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा (प्रभारी साइबर सेल), प्र.आर. भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, आरक्षक मनीष सिंह, अनुज जायसवाल, मनीष सिंह, अमन पूरी तथा थाना सीतापुर से सहायक उप निरीक्षक डेविड मिंज, प्रधान आरक्षक तीजराम पैंकरा, आरक्षक निर्मल तिग्गा की भूमिका सक्रिय रही।




