अम्बिकापुर।खबरी गुल्लक
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में भाजपा द्वारा श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंचायत एवं राजस्व मंत्री रामविचार नेताम ने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए विभाजन की त्रासदी को स्मरण किया और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया एवं महापौर मंजूषा भगत की विशेष उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर एवं राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के पश्चात मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय से स्टेडियम गेट तक पैदल मौन रैली निकाली गई। स्टेडियम गेट पहुंचकर मंत्री रामविचार नेताम ने विभाजन विभीषिका पर आधारित प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा प्रदर्शनी का अवलोकन किया। रामविचार नेताम ने कहा कि 14 अगस्त का दिन देश के इतिहास का अत्यंत पीड़ादायक अध्याय याद करने का दिन है। भारत का विभाजन केवल भू-भाग का बंटवारा नहीं था, बल्कि लाखों परिवारों के विस्थापन, पीड़ा, हिंसा और अपनों से बिछड़ने की त्रासदी थी। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें उन सभी पीड़ितों के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि इतिहास से सीख लेकर हमें राष्ट्र की एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए तथा समाज में भाईचारा, सद्भाव और समरसता को मजबूत करना चाहिए।
हमने अपनों को खोकर विस्थापन का दंश झेला - अखिलेश सोनी
अखिलेश सोनी ने कहा कि विभाजन की विभीषिका को भुलाया नहीं जा सकता। यह दिवस हमें उन असंख्य परिवारों की पीड़ा को याद करने का अवसर देता है, जिन्होंने अपने घर, संपत्ति और अपनों को खोकर विस्थापन का दंश झेला। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को इतिहास के इस कड़वे सच से परिचित कराना आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां समझ सकें कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता कितनी महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सामाजिक समरसता के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
राष्ट्र की एकता और अखंडता की जिम्मेदारी सबकी - भारत सिंह सिसोदिया
भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें देश के विभाजन के दौरान प्राण गंवाने वाले और विस्थापन का दर्द झेलने वाले लाखों लोगों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस दिवस को मनाने का उद्देश्य इतिहास के उस दर्दनाक दौर को याद करना और उससे सीख लेकर एक मजबूत, एकजुट एवं अखंड भारत के निर्माण का संकल्प लेना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
कार्यक्रम को सूरजपुर जिला के वरिष्ठ भाजपा नेता लाल संतोष सिंह, अविनाश मंडल एवं मनोज अग्रवाल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर महापौर मंजूषा भगत, पूर्व सांसद कमलभान सिंह मरावी, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री फुलेश्वरी सिंह पैकरा, जिला महामंत्री विनोद हर्ष, जिला महामंत्री अरुणा सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




