जमशेदपुर/अंबिकापुर। खबरी गुल्लक
28 सितंबर 2026 जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में शनिवार दोपहर हुई अंधाधुंध फायरिंग के चारों आरोपियों को सरगुजा (छत्तीसगढ़) पुलिस ने रविवार की रात गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद झारखंड से भाग रहे आरोपी अर्टिगा वाहन (JH 05 EA 7928) में सवार बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग से गुजर रहे थे, जब मणिपुर थाना पुलिस की नाकेबंदी में वे पकड़े गए। वारदात में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने करीब 10-15 राउंड गोलियां चलाई थीं और घटना के बाद तत्काल फरार हो गए थे। थाना सोनारी में अपराध क्रमांक 80/26, धारा 109, 111(2)(B), 3(5), 61(2) बी.एन.एस. एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग पर कड़ी नाकेबंदी की गई थी, जिसमें थाना प्रभारी मणिपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी और उनकी टीम ने संदिग्ध वाहन को रोककर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने जमशेदपुर फायरिंग में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
यह हैं आरोपी
रमेश कुमार शर्मा उर्फ टीटू (50 वर्ष), पुत्र रामजीत शर्मा, निवासी राउरकेला, जिला सुंदरगढ़, ओडिशा
मनोज उर्फ भन्दू सरकार (53 वर्ष), पुत्र स्व. जी. सरकार, निवासी परसुडीह, जिला पश्चिम सिंहभूम, झारखंड
दीपू ओझा (35 वर्ष), पुत्र हरिशंकर ओझा, निवासी जमशेदपुर, बिरसानगर, झारखंड
शंकर मुन्डा (42 वर्ष), पुत्र स्व. जगबन्धु मुन्डा, निवासी सीताराम डेरा, पूर्वी सिंहभूम, झारखंड
झारखंड पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर लिया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वाहन (अर्टिगा JH 05 EA 7928) को जब्त कर लिया गया है।
कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम
थाना प्रभारी मणिपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय, प्रधान आरक्षक छात्रपाल सिंह, प्रधान आरक्षक रजनीकान्त मिश्रा, थाना मणिपुर से प्रधान आरक्षक नरेन्द्र जांगड़े, आरक्षक निरंजन बड़ा, नरेश सिंह, अनिल सिंह, रामशंकर यादव एवं सैनिक ओमप्रकाश दुबे सक्रिय रहे।




