अंबिकापुर।खबरी गुल्लक
पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुरूप सरगुजा रेंज के वरिष्ठ आरक्षक से लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर तक के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए तीन-तीन दिवसीय विशेष रिफ्रेशर कोर्स का शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल की उपस्थिति में किया गया। रक्षित केंद्र अंबिकापुर में किया गया। यह प्रशिक्षण भारतीय न्याय संहिता , भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम जैसे नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, गंभीर प्रकरणों में विवेचना और तकनीकी-डिजिटल साक्ष्यों की समझ को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। रेंज स्तर पर चल रहे इस कोर्स का मुख्य लक्ष्य आई.सी.जे.एस. के तहत लागू नए कानूनों के प्रावधानों को मैदानी स्तर पर सरलता से समझना और विभागीय दायित्वों का कुशल निर्वहन सुनिश्चित करना है। प्रशिक्षण में नवीन कानूनों के अनुरूप जांच-पड़ताल, ई-साक्ष्यों की पहचान व संरक्षण, ई-एफआईआर प्रणाली, सीसीटीएनएस क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम और साइबर अपराध से जुड़े पहलुओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
180 अधिकारी-जवान प्रति बैच, 6 नवंबर तक 1838 विवेचकों को प्रशिक्षण
हर बैच में रेंज की विभिन्न इकाइयों से लगभग 180 अधिकारी व कर्मचारी भाग ले रहे हैं। कुल मिलाकर रेंज स्तर पर शेष 1838 विवेचकों का रिफ्रेशर कोर्स 6 नवंबर तक निरंतर चलाकर पूर्ण किया जाएगा। इससे विवेचकों की तकनीकी पकड़ और गंभीर मामलों में साक्ष्य-आधारित जांच की क्षमता में वृद्धि होने की उम्मीद है।
फैकल्टी में मास्टर ट्रेनर्स, लोक अभियोजन अधिकारी, फोरेंसिक व साइबर विशेषज्ञ
प्रशिक्षण में इकाई स्तर से आए मास्टर ट्रेनर्स के साथ-साथ रेंज स्तर के लोक अभियोजन अधिकारी, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ, डिजिटल-फोरेंसिक टीम, ई-साक्ष्यों व ई-एफआईआर प्रणाली के विशेषज्ञ, सीसीटीएनएस एक्सपर्ट और साइबर अपराध के विशेषज्ञ फैकल्टी के रूप में शामिल हैं। इन विशेषज्ञों द्वारा गंभीर प्रकरणों में डिजिटल साक्ष्यों की पहचान, संरक्षण और प्रस्तुतीकरण पर व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है।
नोडल अधिकारी व समन्वयक: सुचारू संचालन की जिम्मेदारी
कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए नोडल अधिकारी के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा रितेश चौधरी, सहायक नोडल अधिकारी के रूप में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (ग्रामीण) राकेश कुमार बधेल और रिफ्रेशर कोर्स की समन्वयक के रूप में रक्षित निरीक्षक अंबिकापुर श्रीमती तृप्ती सिंह राजपूत की जिम्मेदारी तय की गई है।
शुभारंभ समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों सहित 180 जवान मौजूद
रिफ्रेशर कोर्स के शुभारंभ अवसर पर उमनि/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा, अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण, एफएसएल के अधिकारी, साइबर टीम के विशेषज्ञ और रेंज के विभिन्न जिलों से आए कुल 180 अधिकारी-जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के नेतृत्व एवं उमनि/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा के सतत् मार्गदर्शन में किया जा रहा है।




