त्योहारी सीजन में सुगम यातायात और व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने कैट और नगर निगम करेगी संयुक्त पहल..

त्योहारी सीजन में सुगम यातायात और व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने कैट और नगर निगम करेगी संयुक्त पहल..

khabrigullak.com
By -
0

अम्बिकापुर।खबरी गुल्लक 

त्योहार सीजन को देखते हुए शहर में सुगम यातायात, व्यवस्थित पार्किंग एवं सुरक्षित व्यापार व्यवस्था को लेकर कैट सरगुजा की टीम ने नगर निगम आयुक्त  विनय अग्रवाल से मुलाकात कर महत्वपूर्ण बैठक की।बैठक में देविगंज रोड, स्कूल रोड, सदर रोड, ब्रह्म रोड सहित शहर के प्रमुख एवं भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा यातायात बाधित होने की समस्या पर विस्तार से चर्चा हुई।

कैट एवं नगर निगम के बीच सहमति बनी कि आगामी दो माह के त्योहार सीजन में नगर निगम का उड़नदस्ता दल शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में नियमित निगरानी करेगा। दुकानदारों द्वारा सड़क पर सामान निकालकर बिक्री करने तथा वाहनों के अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यातायात बाधित न हो, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई एवं समझाइश की जाएगी। कैट ने दशहरा एवं दीपावली के दौरान अग्नि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम को प्रमुख बाजार क्षेत्रों में मुस्तैद रखने का भी आग्रह किया। कैट एवं नगर निगम के प्रतिनिधियों ने कहा कि नगर निगम, पुलिस प्रशासन और कैट सरगुजा के समन्वय से शहर में ऐसी व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, जिसमें आम उपभोक्ताओं को परिवार सहित बाजार आने, सुगमता से पार्किंग करने और सुरक्षित वातावरण में खरीदारी करने की सुविधा मिले तथा व्यापारियों को भी व्यवस्थित रूप से व्यापार करने का अवसर प्राप्त हो। नगर निगम आयुक्त  विनय अग्रवाल ने कहा कि कैट का सहयोग मिलता रहा तो अम्बिकापुर में “स्मार्ट मार्केटिंग” की दिशा में बेहतर व्यवस्था विकसित की जा सकती है, जिससे शहर के बाजार अधिक व्यवस्थित होंगे और आम जनता परिवार सहित सुविधाजनक एवं सुरक्षित तरीके से खरीदारी कर सकेगी। कैट प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र तिवारी ने कहा कि त्योहार व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण समय है। व्यापार और ग्राहक सुविधा दोनों के बीच संतुलन बनाते हुए बाजार को व्यवस्थित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कैट प्रशासन के साथ समन्वय कर सुगम यातायात, सुरक्षित व्यापार और बेहतर बाजार व्यवस्था के लिए लगातार सहयोग करेगा। बैठक में कैट प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र तिवारी, जिला अध्यक्ष रंजय स्वर्णकार, अजीत अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, धीरेंद्र अग्रवाल, वाहिद रहमानी, अभिषेक सिंह ‘पिंटू’, मुकेश शर्मा एवं महेंद्र सिंह टुटेजा उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)