मांझी समाज ने शराब से दूर रहने लिया संकल्प, शिक्षा पर दिया जोर, प्रथम सम्मेलन में जाति प्रमाण पत्र जल- जंगल-जमीन के उठे मुद्दे

मांझी समाज ने शराब से दूर रहने लिया संकल्प, शिक्षा पर दिया जोर, प्रथम सम्मेलन में जाति प्रमाण पत्र जल- जंगल-जमीन के उठे मुद्दे

khabrigullak.com
By -
0

मैनपाट।खबरी गुल्लक ।महेश यादव 

ग्राम पंचायत केसरा में रविवार को मांझी समाज का प्रथम सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में समाज की विभिन्न समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों के समक्ष मांगें रखी गईं। कार्यक्रम में विधायक रामकुमार टोप्पो,भाजपा जिला मंत्री रजनीश पांडे और जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अनिल सिंह सहित माझी समाज के सदस्य बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।




सम्मेलन में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कमलसाय ने जाति प्रमाण पत्र की समस्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि समाज के लोगों के जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल जाने पर मरीजों को रेफर कर दिया जाता है और तहसील कार्यालय में फौती नामांतरण जैसे कार्यों के लिए भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा की बात भी प्रमुखता से रखी।

जिला उपाध्यक्ष कुंवर साय मांझी ने विधायक रामकुमार टोप्पो द्वारा जाति प्रमाण पत्र के मुद्दे को विधानसभा में उठाने और केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखने का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज अपने हक की लड़ाई में विधायक के साथ खड़ा है। वहीं विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि चुनाव के दौरान जब वे मांझी समाज के युवाओं से मिले तो कई युवाओं ने बताया कि जाति प्रमाण पत्र नहीं बनने के कारण वे पढ़ाई से दूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज की इस समस्या को उन्होंने सदन में उठाया है और आगे भी पूरी मजबूती से लड़ाई जारी रखेंगे।

विधायक ने कहा कि मांझी समाज की बेटियों और युवाओं की शिक्षा में आर्थिक अथवा प्रशासनिक बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मैनपाट में एमएलए एजुकेशन शुरू किया गया है, ताकि क्षेत्र के बच्चों को निःशुल्क पढ़ाई की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि मांझी समाज की एक बेटी मैनपाट से एमबीबीएस बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है, जो समाज के लिए गौरव की बात है। फौती नामांतरण की समस्या पर विधायक ने बताया कि उन्होंने कलेक्टर को पत्र लिखकर ऐसे मामलों के निराकरण के लिए विशेष शिविर लगाने की मांग की है। करमहा में पुल नहीं होने से बच्चों के बहने की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी दूर करने के लिए सरकार के स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक ने बारिमा में आग की घटना का भी उल्लेख करते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन को सक्रिय होने की बात कही। उन्होंने समाज के लोगों से कहा कि मांझी समाज की कोई भी समस्या हो, उसे उनके संज्ञान में लाया जाए, वे उसके समाधान के लिए प्रयास करेंगे। बाहर काम करने जाने वाले लोगों के साथ बंधक बनाए जाने जैसी घटनाओं में भी उन्होंने हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

सामाजिक भवन के लिए 10 लाख की घोषणा

सम्मेलन में विधायक रामकुमार टोप्पो ने सामाजिक भवन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही सामाजिक उत्थान के लिए भूमि आरक्षित कराने तथा बाघ यंत्र, सरना स्थल और देवगुड़ी सहित समाज की अन्य मांगों को विकसित करने का आश्वासन दिया। सम्मेलन में समाज के लोगों ने अपनी समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से रखा। कार्यक्रम में जल-जंगल-जमीन, जाति प्रमाण पत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व संबंधी मामलों और सामाजिक विकास के मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)