रायपुर।खबरी गुल्लक ।
जेल में बंद लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी को इलाज के लिए मेकाहारा में लाने के दौरान वीआईपी ट्रीटमेंट दिए जाने का मामला प्रकाश में आने के बाद जेल प्रशासन के द्वारा तीन जेल प्रहरियों को बर्खास्त कर दिया गया है। चिकित्सालय के कार्डियोलॉजी विभाग परिसर का वीडियो वायरल हुआ था जिसपर रायपुर जेल प्रशासन ने प्रहरी संदीप कुमार माहेश्वरी को बर्खास्त कर दिया है। इसके अलावा बिलासपुर जेल के प्रहरी पवन कुमार लहरे व जगदलपुर जेल के प्रहरी नगेंद्र कुमार महतो के खिलाफ भी बर्खास्तगी की कार्रवाई किया गया है। वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि मेकाहारा में परिजनों से मुलाकात के लिए हथकड़ी खोलकर छोड़ दिया गया था।
सूत्रों के मुताबिक टामन सिंह सोनवानी मंगलवार को सुबह अस्पताल पहुंचे। उन्हें ओपीडी गेट की ओर से प्रवेश कराने के बाद कार्डियोलॉजी विभाग के बरामदे में बैठाया गया था , इसके कुछ देर बाद पत्नी, पुत्र भी वहां पहुंचे। उन्होंने करीब 15 मिनट तक बातचीत की। इसी बीच किसी ने मोबाइल पर यह पल कैद कर लिया और सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।




