सूरजपुर।खबरी गुल्लक
चांदनी बिहारपुर थाना क्षेत्र में क्रेशर प्लांट व मशीनों में आगजनी करने व शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि ग्राम ठाड़पाथर निवासी राजनारायण पाण्डेय ने थाना चांदनी में रिपोर्ट दर्ज कराया कि यह ग्राम खालबहरा में महावीर पाठक के केशर में मुंशी व देखरेख सुरक्षा का काम करता है। 17 अक्टूबर 2026 के दोपहर में महावीर पाठक का ट्रेक्टर का चालक जयकुमार के द्वारा ग्राम कुबेरपुर बिजय कुमार साकेत के घर पास ग्रामीण रोड से बोल्डर लोड कर आते समय रास्ते में टीव्हीएस स्कूटी में सवार एक महिला का एक्सीडेंट कर दिया था। इस बात को लेकर छकउ, सुभगलाल, मनीष यादव, मुन्नीलाल यादव सहित अन्य लोगों के द्वारा संगठित रूप से कुबेरपुर चौक के पास एकत्र हुए जो काफी उग्ररूप धारण कर लिये और मौके पर पुलिस एवं तहसीलदार बिहारपुर के द्वारा उन लोगो को समझाईश देने के बाद भी रास्ता जाम कर दिये थे और मानने को तैयार नही थे तथा क्रेशर में आग लगाने की धमकी दे रहे थे और रात में डीजल-पेट्रोल लेकर संगठित होकर क्रेशर प्लांट, मकान, 1 जेसीबी मशीन, 1 डिजी (जनरेटर), 1 मोटर सायकल, 1 ट्रेक्टर तथा कुर्सी टेबल को आग लगा दिये। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चांदनी में आरोपियों के विरूद्ध अपराध क्रमांक 101/2026 धारा 296, 191(2), 111(3), 326(6), 109, 324(6), 331(5), 61(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने आरोपियों की पतासाजी करते हुए धरपकड़ के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन व एसडीओपी ओड़गी राजेन्द्र मण्डावी के मार्गदर्शन में थाना चांदनी पुलिस के द्वारा मामले की विवेचना के दौरान दबिश देकर प्रकरण के आरोपी छकउ साकेत पिता स्व. परशुराम साकेत उम्र 46 वर्ष ग्राम नावाटोला, थाना चांदनी, सुभग लाल साकेत पिता स्व. रामधन साकेत उम्र 33 वर्ष ग्राम कुबेरपुर , मनीष यादव पिता रामदेव यादव उम्र 19 वर्ष ग्राम कुबेरपुर , मुन्नीलाल यादव पिता उमाशंकर यादव उम्र 40 वर्ष ग्राम कुबेरपुर थाना चांदनी को पकड़ा गया। पूछताछ पर आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया जिन्हें गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।
वहीं दूसरे मामले में 17 अक्टूबर 2026 के दोपहर में ग्राम कुबेरपुर बिजय साकेत के घर पास ग्रामीण रोड में टीव्हीएस स्कूटी में सवार महिला का ट्रेक्टर चालक के द्वारा एक्सीडेंट कर दिया था। जिससे महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गयी थी। इसी बात को लेकर आसपास के ग्रामीण छकउ, सुभगलाल, मनीष, मुन्नीलाल, मालिकचंद, कृष्ण यादव व अन्य लोगों के द्वारा कुबेरपुर चौक में मेनरोड रोड पर प्रदर्शन करते हुए एकत्र होकर चक्का जाम कर दिये थे और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न किए। पुलिस व कार्यपालिक दण्डाधिकारी के द्वारा प्रदर्शनकारियों को चक्का जाम न करने की बार-बार समझाईश दी गई किन्तु बात न मानकर आक्रोशित होकर विरोध कर शव पंचनामा कार्रवाई एवं शव को नहीं ले जाने देंगे कहते हुए शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन किया गया। प्रार्थी प्रभारी तहसीलदार बिहारपुर की रिपोर्ट पर थाना चांदनी में 6 नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के विरूद्ध अपराध क्रमांक 102/2026 धारा- 296, 351(3), 115(2), 191(2), 121(1), 221, 132, 127(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर आरोपी छकउ साकेत पिता स्व० परशुराम साकेत उम्र 46 वर्ष ग्राम नवाटोला, सुभगलाल साकेत पिता स्व० रामधन साकेत उम्र 33 वर्ष ग्राम कुबेरपुर , मनीष यादव पिता रामदेव यादव उम्र 19 वर्ष ग्राम कुबेरपुर यादवपारा, मुन्नीलाल यादव पिता उमाशंकर यादव उम्र 40 वर्ष ग्राम कुबेरपुर , मालिकचंद साकेत पिता रामकिशुन उम्र 44 वर्ष ग्राम कुबेरपुर , कृष्ण यादव पिता रामअधीन यादव उम्र 29 वर्ष ग्राम कुबेरपुर को पकड़ा गया। पूछताछ पर आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया जिन्हें गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांदनी लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता, थाना प्रभारी ओड़गी अलरिक लकड़ा व उनकी टीम सक्रिय रहे।




