अंबिकापुर।खबरी गुल्लक
जंगल का खजाना हरे भरे पेड़ पौधे,इमारती तस्करों के निशाने पर हैं। वहीं मुस्तैद वन विभाग की टीम इस ओर लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में अवैध इमारती परिवहन के विरुद्ध वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत लुंड्रा के ग्राम डूमरडीह में बुधवार की देर रात बड़ी कार्रवाई की गई। डीएफओ सरगुजा लोकनाथ पटेल और एसडीओ कुणाल मिश्रा के निर्देश में वन विभाग की टीम ने इमारती से लदे दो ट्रैक्टर तथा एक टाटा ट्रक को इमारती समेत जब्त किया है।
वन अधिकारियों के मुताबिक लुंड्रा परिक्षेत्र सहायक संजय तिर्की के नेतृत्व में वन विभाग की टीम 21 अक्टूबर की देर रात गश्त पर थी। ग्राम डूमरडीह क्षेत्र में गश्त के दौरान दो ट्रैक्टर और एक टाटा ट्रक आते देखे गए। वन कर्मियों ने तीनों वाहनों को रोककर जांच की, जिसमें वाहनों में बड़ी मात्रा में इमारती भरी होने का खुलासा हुआ। जब्त किए गए वाहनों में ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 14 एमई 9903, दूसरा ट्रैक्टर मॉडल नंबर 5310 तथा टाटा ट्रक क्रमांक सीजी 15 एसी 5272 शामिल है। पूछताछ में तीनों वाहन चालकों ने बताया कि इमारती किसान की निजी भूमि की है, लेकिन इस दावे की पुष्टि के लिए वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। डीएफओ सरगुजा लोकनाथ पटेल ने बताया कि तीनों वाहनों को इमारती समेत छत्तीसगढ़ अभिवहन वनोपज नियम 2001 की धारा 3, 22(सी) तथा भारतीय वन अधिनियम की धारा 52(1) के तहत जब्त कर कार्रवाई की गई है। जब्त इमारती में सर्वाधिक मात्रा सेमल प्रजाति की लकड़ी की है। वन विभाग ने तीनों चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, अवैध इमारती परिवहन एवं जंगल कटाई करने वालों के विरुद्ध वन विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है।




