अंबिकापुर।खबरी गुल्लक ।
प्रधानमंत्री द्वारा दीपावली पर्व पर अपने राजनीतिक विरोधियों के लिए दिमागी नक्सली जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। कांग्रेस नेता परवेज गांधी ने प्रधानमंत्री के इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री का पद संवैधानिक गरिमा, संयम और जिम्मेदारी का प्रतीक होता है, लेकिन प्रधानमंत्री बार-बार अपनी भाषा से इस पद की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की राजनीतिक शब्दावली में नक्सली और अर्बन नक्सली जैसे शब्दों का इस्तेमाल कोई नई बात नहीं है। 28 अप्रैल 2024 को जातिगत जनगणना की मांग करने वालों को अर्बन नक्सली कहा गया, लेकिन बाद में 30 अप्रैल 2025 को स्वयं प्रधानमंत्री ने जनगणना 2027 में जातिगत जनगणना कराने की घोषणा कर दी। इसी तरह सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों और उनके समर्थकों को नक्सली विचारधारा से जोड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन आखिरकार 19 नवंबर 2021 को उन्हीं कृषि कानूनों को वापस लेना पड़ा।
कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि जब भी कोई नागरिक, संगठन या राजनीतिक दल सरकार की नीतियों पर सवाल उठाता है, तो उसे देशविरोधी, नक्सली या किसी अन्य अपमानजनक विशेषण से नवाजना क्या लोकतांत्रिक राजनीति का नया तरीका बन गया है?उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं, बल्कि नागरिकों का अधिकार है। प्रधानमंत्री को अपनी भाषा और आचरण में मर्यादा रखनी चाहिए। जनता अब नारों और राजनीतिक आरोपों से आगे बढ़कर जवाबदेही चाहती है।




