अम्बिकापुर।खबरी गुल्लक
नगर निगम अम्बिकापुर की महापौर मंजूषा भगत और निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी के मार्गदर्शन एवं निर्देश पर निगम आयुक्त विनय अग्रवाल द्वारा बाजार विभाग की सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के वेंडिंग एवं नो-वेंडिंग जोन की व्यवस्था, ठेला व्यवसाइयों की समस्याओं के निराकरण तथा बाजारों को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने संबंधी प्रमुख प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में बाजार विभाग के प्रभारी अनिता रविंद्र गुप्त भारती ने बताया कि वेंडिंग एरिया नगर की स्वच्छता, सुंदरता और सार्वजनिक सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए वेंडिंग तथा नो-वेंडिंग जोन में संचालित ठेला व्यवसाइयों द्वारा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और वेंडिंग एरिया में मूलभूत सुविधाएं पूर्ण रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी।
वेंडरों के लिए एकल खिड़की और कल्याण शिविर
समिति ने पंजीकृत एवं नियमों का पालन करने वाले ठेला व्यवसाइयों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु नगर निगम में अलग एकल खिड़की स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। इसके माध्यम से वेंडरों के आवेदनों और शिकायतों का समयबद्ध निपटारा किया जाएगा। साथ ही ठेला व्यवसाइयों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं जैसे श्रमिक पंजीयन, स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं—का लाभ दिलाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने पर सहमति बनी।
वेंडिंग जोन होंगे सर्वसुविधायुक्त
सलाहकार समिति ने निर्णय लिया कि वेंडिंग जोन को पूर्णतः सर्वसुविधायुक्त बनाया जाएगा। इन क्षेत्रों में नियमित सफाई, पेयजल, बिजली एवं पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। शहर के वेंडिंग एरिया को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए जोनवार विभाजन किया जाएगा और नए वेंडिंग एरिया का चिन्हांकन किया जाएगा। पंजीकृत एवं स्थायी वेंडरों को परिचय पत्र तथा शुल्क एंट्री पुस्तिका उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया। शुल्क वसूली की प्रत्येक रसीद पर नगर निगम की सील पैड होना अनिवार्य होगा, जबकि बेदखली शुल्क वसूलने वाले कर्मचारियों को परिचय पत्र दिया जाएगा।
नो-वेंडिंग जोन में सख्त कार्रवाई
बैठक में तय किया गया कि नो-वेंडिंग जोन तथा यातायात जाम से प्रभावित स्थानों पर स्थायी रूप से ठेला लगाने पर रोक लगाई जाएगी। ऐसे वेंडरों को व्यवस्थित कर उन्हें अन्य उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए कला केंद्र के सामने, सर्किट हाउस के सामने, आकाशवाणी के सामने, उर्सुलाइन के सामने, सदर रोड, गुदरी बाजार चौक व चौपाटी, जैन मंदिर, दुर्गा बाड़ी, पूरा बस डिपो एवं अस्पताल जैसे प्रमुख स्थानों को चिन्हित किया जाएगा। चौपाटी में आबंटित दुकानदारों को ही वहां व्यवसाय की अनुमति रहेगी।निगम की उड़नदस्ता टीम प्रति सप्ताह कम से कम तीन बार नो-वेंडिंग एरिया का निरीक्षण करेगी। नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूरे शहर में वेंडिंग और नो-वेंडिंग जोन की जानकारी समय-समय पर व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से दी जाएगी।
गणना, पारदर्शिता और नए बाजार की व्यवस्था
समिति ने वेंडर जोन में लगने वाले स्थायी एवं चलित ठेला-गुमटियों की संख्या की गणना कराने का निर्णय लिया। सब्जी बाजारों में स्थायी एवं अस्थायी रूप से बैठने वालों की गणना भी कराई जाएगी। नो-वेंडिंग जोन में चलित ठेले, स्थायी दुकानें, तंबू लगाकर व्यवसाय करने वालों तथा जमीन पर दुकान लगाने वालों की भी गणना होगी। कला केंद्र के आबंटन की प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता रखने पर भी सहमति बनी। भगवानपुर में निर्माणाधीन नए बाजार को सुविधायुक्त एवं व्यवस्थित बनाकर सर्वसम्मति से आबंटन तथा व्यवस्थापन की प्रक्रिया निश्चित समयावधि में पूर्ण करने का सुझाव दिया गया। प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास पौनी पसारी योजना के अंतर्गत बनी दुकानों के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।
प्रत्येक बैठक में अतिथि सम्मान
सलाहकार समिति ने सुझाव दिया कि भविष्य की प्रत्येक बैठक में जनप्रतिनिधि, एल्डरमैन, सामाजिक कार्यकर्ता अथवा गणमान्य नागरिक को अतिथि के रूप में सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाए, ताकि नागरिक स्तर पर भी सुझाव एवं सहभागिता बढ़े। बैठक में पार्षद शैलेश सिंह, अशोक सोनवानी, विमला सोनी, जे. कुजूर और सालेम केरकेट्टा के अतिरिक्त बाजार विभाग के प्रभारी अमरेश सिंह, शशांक दुबे, अखिलेश पांडे, राजा सिद्धार्थ शर्मा, शैलेंद्र उपाध्याय, चंदन यादव सहित निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से सुझाव दिया कि दीपावली एवं छठ पूजा के पश्चात उक्त सभी निर्णयों को पूरी तरह लागू कराया जाएगा।






