संत हरकेवल तालाब बना छठ महापर्व का नया आकर्षण केंद्र, बोटिंग से बढ़ा नागरिकों का उत्साह

संत हरकेवल तालाब बना छठ महापर्व का नया आकर्षण केंद्र, बोटिंग से बढ़ा नागरिकों का उत्साह

khabrigullak.com
By -
0

अंबिकापुर। खबरी गुल्लक 

आस्था, श्रद्धा और लोक संस्कृति के महापर्व छठ पूजा को लेकर अंबिकापुर शहर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस बार शहर के माता राजमोहिनी देवी वार्ड स्थित संत हरकेवल तालाब छठ महापर्व के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। वार्ड पार्षद मनोज गुप्ता की सक्रिय पहल, दूरदर्शिता और निरंतर प्रयासों के बाद तालाब की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। तालाब की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था को लेकर किए गए कार्यों से क्षेत्र के नागरिकों में खास उत्साह देखा जा रहा है। छठ पर्व के मद्देनजर संत हरकेवल तालाब को न केवल पूजा-अर्चना का सुव्यवस्थित स्थल बनाया जा रहा है, बल्कि इसे नागरिकों के लिए एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में भी विकसित किया गया है। आज एसडीआरएफ की टीम के द्वारा तालाब में बोटिंग करते हुए सुरक्षा का मॉक ड्रिल किया गया।नागरिकों ने भविष्य में तालाब में बोटिंग शुरू होने की उम्मीद जताई।पार्षद मनोज गुप्ता ने बताया कि संत हरकेवल तालाब को छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने का प्रयास किया गया है। तालाब परिसर में सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था और आसपास के क्षेत्र की सुंदरता पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि छठ जैसे पवित्र पर्व में व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यही प्रयास किया जा रहा है। पार्षद के अनुसार तालाब का विकास केवल छठ पर्व तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे आगे चलकर नागरिकों के मनोरंजन और सामाजिक मेल-जोल का केंद्र भी बनाया जाएगा।   कई नागरिकों ने कहा कि पहले तालाब की हालत चिंताजनक थी, लेकिन अब यहां साफ-सफाई, रोशनी और व्यवस्थित वातावरण देखकर खुशी हो रही है।

 नागरिकों में उत्साह, सराहना भी


।स्थानीय निवासियों ने वार्ड पार्षद मनोज गुप्ता के रचनात्मक सोच और लगातार प्रयासों की सराहना की है। उनका कहना है कि संत हरकेवल तालाब अब केवल जलाशय नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और सामुदायिक जीवन को जोड़ने वाला स्थल बन रहा है। छठ पर्व के दौरान यहां व्रती महिलाएं और पुरुष सूर्य देव को अर्घ्य देने के लिए पहुंचेंगे। तालाब की बेहतर व्यवस्था से उन्हें सुविधा मिलेगी।

 छठ की तैयारियां तेज

अंबिकापुर में छठ पर्व की परंपरा वर्षों से चली आ रही है और इसका स्वरूप लगातार विस्तारित हुआ है। शहर के प्रमुख घाटों और तालाबों पर साफ-सफाई, पंडाल, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। छठ पर्व में व्रती नहाय-खाय से लेकर संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य तक पूरी श्रद्धा के साथ सूर्य उपासना करते हैं। अंबिकापुर में भी हर वर्ष हजारों श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। संत हरकेवल तालाब पर इस बार की तैयारी इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि यहां पारंपरिक आस्था के साथ आधुनिक सुविधाओं का समन्वय देखने को मिल रहा है। बोटिंग की शुरुआत से तालाब क्षेत्र में पर्यटन और मनोरंजन की संभावनाएं भी बढ़ी हैं। अब यहां छठ पर्व के दौरान श्रद्धा के साथ-साथ उत्सव का माहौल भी देखने को मिलेगा।

 सामूहिक भागीदारी की अपेक्षा

पार्षद मनोज गुप्ता ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि छठ पर्व के दौरान तालाब और आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखें। प्लास्टिक, पॉलीथिन और पूजा सामग्री को जलाशय में न फेंकें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ तालाब ही स्वस्थ समाज और सुंदर शहर की नींव है। सभी नागरिक मिलकर इस पर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और भव्य बनाने में योगदान दें।  छठ महापर्व के अवसर पर यहां आस्था की गंगा बहेगी और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। वार्ड पार्षद की पहल से तालाब क्षेत्र अब अंबिकापुर के उभरते सार्वजनिक स्थलों में गिना जाने लगा है।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)