अंबिकापुर। सरगुजा के 439 ग्राम पंचायतों में आज सुबह से ही शुरू किए गए आयुष्मान कार्ड महाभियान से लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस अभियान से विशेषकर बुजुर्गों, विकलांगो को बड़ी राहत मिली है।वार्डों, पंचायतों में अब तक 7 हजार से भी ज्यादा कार्ड बन चुके हैं। कलेक्टर कुन्दन कुमार स्वयं इस विशेष अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। कलेक्टर ने भगवानपुर, फुंदुरडीहारी और मुक्तिपारा में आयुष्मान कार्ड शिविर का अवलोकन किया। जन-जन के सहयोग और स्वास्थ्य, शिक्षा, वन, महिला एवं बाल विकास, पंचायत, नगरीय क्षेत्र, सभी टीमों के आपसी समन्वय से आयुष्मान कार्ड महाभियान सफलतापूर्वक संचालित हो रही है।ग्राम पंचायत मलगवांखुर्द की पहाड़ी कोरवा जनजाति की श्रीमती सावित्री आयुष्मान कार्ड बनते ही खुशी से झूम उठी। गांवों में संसाधनों के साथ टीम के सदस्यों के पहुंचने से ग्रामीणों में उत्साह है। इस शिविर से विकलांगो बुजुर्गो को बड़ी राहत मिल रही है। सीएमएचओ डॉ पीएस सिसोदिया ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप कलेक्टर के मार्गदर्शन में यह शिविर आयोजित कर लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है।




