अंबिकापुर/लखनपुर । नगरपंचायत लखनपुर के वार्ड क्रमांक 5 में आज शुक्रवार की शाम 4 बजे नदी किनारे खेल रहे बच्चे विशालकाय अजगर की जकड़ में आने से बाल - बाल बचे। बच्चों की नजर जैसे ही अजगर पर पड़ी वे जान बचाकर भाग खड़े हुए। यह खबर जंगल में लगी आग की तरह गांव में फैल गई, और देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ अजगर को देखने उमड़ पड़ी। इसी बीच गांव के उत्साही युवा बबलू राम वहां पहुंचा और अजगर को पकड़ मच्छरदानी की जाली में बंद दिया। बबलू राम ने बताया कि अजगर सांप की लंबाई लगभग 9 फिट है। सांप को बाद में बोरी में बंद करके जंगल में छोड़ दिया गया l बताया जा रहा है कि गर्मी के बाद शुरुआती बारिश के दौरान। सर्प सहित अन्य जंतु बाहर निकलते हैं।




