अंबिकापुर। नगर निगम अंबिकापुर में चल रहे एसएलआरएम कचरा प्रबंधन मॉडल के अध्ययन हेतु अमेरिका के लोवा सिटी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ जेरी एंथोनी दो दिवसीय प्रवास पर अंबिकापुर आए है। प्रवास का मुख्य उद्देश्य अंबिकापुर में स्वच्छता दीदियों के माध्यम से चल रहे अपशिष्ट प्रबंधन का विस्तृत अध्ययन करना है। इस हेतु इनके द्वारा पहले दिन आज पुलिस लाइन, नवापारा, न्यू बस स्टैंड, क्षेत्र में डोर टू डोर कलेक्शन कार्य का अवलोकन किया गया, रूट में स्वच्छता दीदी एवम नागरिकों से इस व्यवस्था के संबंध में चर्चा की गई, उन्होंने डीसी रोड, नवापारा, न्यू बस स्टैंड, घुटरापारा, एसएलआरएम सेंटर का भ्रमण किया गया, भ्रमण के दौरान दीदियों से बात करते हुए कचरा संग्रहण, प्रोसेसिंग, कचरा विक्रय और यूजर चार्ज के संबध में जानकारी ली गई, साथ ही मरीन ड्राइव में चल रहे डक शेड के भ्रमण के दौरान प्रोग्रामर रितेश सैनी रिंकू के द्वारा इसके उद्देश्य की जानकारी दी गई ।,
एनयूएलएम के मिशन मैनेजर सौरभ राय, एसएलआरएम सेंटर की प्रभारी शशिकला सिन्हा के द्वारा भी उन्हें कचरा प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी गई । भ्रमण के पश्चात डाटा सेंटर में महापौर डॉ अजय तिर्की, सभापति अजय अग्रवाल, आयुक्त प्रतिष्ठा ममगाई और एमआईसी प्रभारी स्वास्थ्य के साथ स्वच्छता मॉडल के संबध में विस्तृत चर्चा किया गया । महापौर, सभापति द्वारा योजना के प्रारंभ से वर्तमान तक की स्वच्छता गतिविधि और प्रशासनिक, नागरिक सहयोग के बारे में बताया गया। आयुक्त व आईएएस अधिकारी सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के द्वारा दीदियों के कार्य और नगर के जन प्रतिनिधिगण के उत्कृष्ट सहयोग के संबंध में जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि हाल ही में कई राज्यों की टीम यहां आई थी और इस मॉडल को अपने राज्यों में अपनाने की बात भी कही गई थी। अमेरिका से आए प्रोफेसर डॉ. जेरी एंथोनी ने अंबिकापुर मॉडल की तारीफ करके हुए इसे कई देशों के लिए अनुकरणीय उदाहरण बताया । उन्होंने भ्रमण के दौरान अंबिकापुर के दीदियों के कार्य निगम की टीम का प्रबंधन एवम निगम के जन प्रतिनिधिगण द्वारा दलगत भावना से हटकर इस मॉडल में एक साथ सहयोग की भावना को सराहा गया।
अब स्वच्छता दीदियां चलाएंगी आटो टीपर
महापौर डॉ अजय तिर्की, , सभापति अजय अग्रवाल , आयुक्त प्रतिष्ठा ममगाई , प्रभारी और प्रोफेसर एंथोनी के द्वारा स्वच्छता दीदी द्वारा ड्राइविंग प्रशिक्षण पूर्णता उपरांत ऑटो टीपर को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। आयुक्त के निर्देश पर 5 स्वच्छता दीदियों को ऑटो टीपर चलाने का प्रशिक्षण दिया गया है, ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त होने के बाद आज से ये 5 दीदी ऑटो टीपर चलाना प्रारंभ कर रही है।






