अंबिकापुर। कोतवाली के समीप आज रविवार की रात करीब साढ़े नौ बजे दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई, मगर चंद फर्लांग की दूरी पर स्थित कोतवाली का अमला नही पहुंच सका, खबर पर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा तत्काल मौके पर पहुंचे और बदमाशों को अच्छा सबक सिखाया, इस दौरान दो बदमाशों को पकड़ कोतवाली पुलिस के हवाले किया गया। थाना चौक पर यह बवाल होने के बाद भी कोतवाली पुलिस के नही पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक ने जमकर फरकार भी लगाई। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद पकड़े गए दो बदमाशों को लेकर एसपी खुद कोतवाली पहुंचे। उन्होंने थाने में मौजूद अमले को कड़ी निर्देश दे कहा कि गुंडे, बदमाशों में पुलिस का भय होना ही चाहिए। लचर पुलिसिंग बर्दाश्त नहीं होगी। किसी भी तरह की घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे, और बदमाशों की धरपकड़ हो। बताया जा रहा है कि कोतवाली और थाना चौक के बीच में लगे ठेले, गुमटियों में देर रात तक आवारा तत्वों , बदमाशों का जमावड़ा होता है, इसके अलावा चौपाटी, घड़ी चौक, बिलासपुर चौक, आकाशवाणी चौक, पुराना बस स्टैंड, प्रतीक्षा बस स्टैंड, भारतमाता चौक, सद्भावना चौक, अंबेडकर चौक से गांधीनगर मार्ग पर पीजी कॉलेज के अहाते से लगा इलाका सहित अन्य स्थलों पर देर रात तक शराबियों, बदमाशों की भीड़ व हुडदंग की खबरें आते रहती हैं, मगर इस ओर पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। हालांकि आज इस तरह की घटना पर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा द्वारा स्वयं कमान संभाल बदमाशों को सबक सिखाए जाने से नागरिकों में अब बेहतर पुलिसिंग की उम्मीद जगी है। नागरिकों के द्वारा पुलिस अधीक्षक द्वारा आज स्वयं सड़क पर उतर कार्यवाई किए जाने पर लोगों ने सराहना भी की है।




