अंबिकापुर। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर के आकाशवाणी चौक के समीप नवापारा मार्ग में बुधवार की देर रात शासकीय भूमि पर कब्जा कर बनाए गए एक कमजोर मकान के ढह जाने से मलबे में चार लोग दब गए, सूचना पर दमकल की टीम प्रभारी अंजनी तिवारी के नेतृत्व में तत्काल पहुंची और मलबा हटा दबे लोगों को बाहर निकाला गया। घटना में किसी की मौत नही होने से लोगों ने राहत की सांस ली। बुधवार को झमाझम बारिश भी हुई थी। बताया जा रहा है कि जो मकान ढहा उसके दीवार ईट के थे, सीट डाल छत बनाया गया था । उर्सुल लाइन स्कूल के सामने अतिक्रमण कर बनाए गए उक्त मकान के गिरने से चार लोग दबे जिसमें दो महिला दो पुरुष थे। उन्हे बाहर निकाल कर घायल अवस्था में जिला चिकित्सालय भिजवाया गया। फायर टीम में स्टेशन प्रभारी अंजनी तिवारी, चालक संतु राम, राजेश्वर गुप्ता, फायरमैन दीपक विश्वकर्मा शामिल रहे।




