जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस्तर को 27 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देने के बाद विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि
कांग्रेस पार्टी को कांग्रेस के लोग नहीं चला रहे। कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता मुंह पर ताला लगा कर बैठे हैं। कुछ पूछने और बोलने की हिम्मत करते हैं। अब तो कांग्रेस को आउटसोर्स कर दिया गया है। कांग्रेस को ऐसे लोग चला रहे हैं, जो देश विरोधी ताकतों से मिले हुए हैं। कांग्रेस किसी भी कीमत पर देश के हिंदुओं को बांट कर भारत को तबाह कर देना चाहती है। कांग्रेस गरीबों को बांटना चाहती है। मोदी ने पिछले 9 साल में सभी योजनाएं गरीबों के लिए दी हैं।गरीबों में आत्मविश्वास पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि मेरे लिए तो देश का गरीब सबसे बड़ी जाति है। यही सबसे बड़ी बिरादरी है। अगर गरीब का भला हो गया तो देश का भला होगा। कांग्रेस ने एक दूसरे देश के साथ क्या गुप्त समझौता किया है, पूरा देश देख रहा है। समझौते के बाद कांग्रेस और ज्यादा भारत की बुराई करने में लगी हुई है। भारत की अच्छी बातों को बुरे तरीके से पेश करती है। ऐसा लगता है कि उनका भारत का प्रेम ही कम होता जा रहा है। आपको आगाह करता हूं ऐसी साजिश से सतर्क रहना चाहिए। इस देश के संसाधनों पर पहला हक भारत के गरीबों का है। गरीब चाहे कोई हो। चाहे दलित हो, पिछड़ा हो, आदिवासी हो, सामान्य वर्ग का हो। सबसे बड़ी जाति मेरे लिए गरीब है। हमें गरीबों का जीवन बदलना है। कांग्रेस इस देश के लोगों में भेदभाव बढ़ाना चाहती है। कांग्रेस ने देश को सिर्फ गरीबी दी है। लोगों को बांटने का काम किया। ताकि उसका वोट बैंक सुरक्षित रहे। आज भी यह यही कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में अलग-अलग वर्ग अपने हक के लिए आवाज उठा रहे हैं लेकिन उन्हें जेल में डाला जा रहा है। उनकी आवाज दबाने में लगे हैं।भाजपा सरकार सामाजिक न्याय के लिए समर्पित होगी। हमने महरा महारा समाज को आदिवासी वर्ग में शामिल किया है। 12 जनजाति की मात्रात्मक त्रुटि सुधार कर वर्षों से वंचित रहे लोगों को उनका हक दिया है। मोदी की गारंटी मतलब हर गारंटी के पूरा होने की गारंटी है।
नगरनार इस्पात संयंत्र के मालिक बस्तर के लोग हैं। देश के संसाधनों पर पहला हक गरीब का है। उन्होंने फिर कहा कि मोदी सरकार धान का दाना दाना खरीदती है। भाजपा की सरकार बनने के बाद राज्य में पीएससी के घोटालेबाज जेल जाएंगे। जगदलपुर की सभा में उमड़ी भीड़ ने कांग्रेस की साजिश का मुंहतोड़ जवाब दिया तो प्रधानमंत्री मोदी कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ लूटने का काम किया है। छत्तीसगढ़ में चारों तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है। छत्तीसगढ़ में अपराध बढ़े हैं। हत्याओं के मामले में छत्तीसगढ़ और राजस्थान के बीच प्रतिस्पर्धा चल रही है। छत्तीसगढ़ में विकास बैनर पोस्टर में दिखता है या फिर कांग्रेस के नेताओं की तिजोरी में दिखता है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को अगर कुछ दिया है तो वह है झूठा प्रचार और घोटाले। कांग्रेस की सरकार झूठे प्रचार की आड़ में यहां लोगों की आंख में धूल झोंक रही है। अखंड भ्रष्टाचार करते हैं। इसलिए आज छत्तीसगढ़ के कोने-कोने से एक ही आवाज आ रही है कि अउ नई साहिबो, बदल के रहिबो।
बस्तर तब भी था, जब राम आये थे
प्रधानमंत्री के कहा कि यह बस्तर, यह दंडकारण्य आज बना हो, ऐसा नहीं है। यहां मेरे आदिवासी भाई बहन मेरे प्रधानमंत्री बनने के बाद नहीं बसे हैं। यहां यह तब भी थे, जब प्रभु राम यहां आए थे। अटल जी की सरकार ने अलग छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया। भाजपा सरकार ही थी जिसने जनजाति विकास के लिए काम किया। अलग से मंत्रालय बनाया। कांग्रेस ने दशकों तक क्या किया? कांग्रेस ने बस्तर को नजरअंदाज किया। आपकी परवाह ही नहीं की। दो-चार ठेकेदारों को अपना समझते थे। बाकी किसी की परवाह नहीं की। भाजपा सरकार ने यहां मेडिकल कॉलेज बनाया।भाजपा सरकार ने दंतेवाड़ा में एजुकेशन सिटी बनाई मैं भी उसको देखने गया था। मैंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा आदिवासी क्षेत्रों में गुजारा है। मेरा तो आपसे सीधा नाता है। दिल का नाता है।
प्लांट का मालिक बस्तर के लोग
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मोदी की गारंटी है कि बस्तर का यह स्टील प्लांट आपका है। इसके मालिक मेरे बस्तर के लोग हैं। मेरे छत्तीसगढ़ के लोग हैं। मोदी इसका मालिक नहीं है और न ही कोई कांग्रेसी को इसका मालिक बनने देने वाला हूं। इस प्लांट के मालिक सिर्फ बस्तर के मेरे भाई बहन हैं। कोई आपका हक नहीं छीन सकता। कांग्रेस के नेताओं को किसी हाल में कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। भ्रष्टाचार बेईमानी करप्शन करने का कोई मौका नहीं दिया जाएगा।
कांग्रेस छत्तीसगढ़ को लूट रही है
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ राजस्थान को लूट का सबसे बड़ा खजाना बना दिया। कांग्रेस के हर छोटे बड़े नेता को 15 साल जो नहीं मिला, वह भी 5 साल में जमा कर लिया। 15 साल तक छत्तीसगढ़ को लूटने का मौका नहीं मिला तो वह कसर भी अभी निकलना शुरू कर दी। उन्होंने तो गौ माता के नाम पर भी घोटाला कर दिया। गोबर तक को नहीं छोड़ा। इन्होंने क्या-क्या नहीं किया। उनके भ्रष्टाचार के सबसे बड़े शिकार मेरे बस्तर के नौजवान हैं।
पीएससी के घोटालेबाज जाएंगे जेल
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को नौकरी का वादा किया था। नौकरी में ही घोटाला कर दिया। कांग्रेस नेताओं ने पीएससी भर्तियों में अपने बच्चों रिश्तेदारों को सेट कर दिया। चारों तरफ लूट मचाई। उनकी पार्टी तो राजनीति में भी अपने ही बच्चों को सेट करती है और नौकरियों में भी यही करती है। छत्तीसगढ़ के लाखों परिवारों, आदिवासी पिछड़े परिवार से कांग्रेस ने नौकरी छीन ली है। उनका रोजगार छीन लिया है।नौकरी लगी नहीं। जो पहले से सरकारी नौकरी में हैं उनको भी कांग्रेस ने परेशान किया है। सरेआम भ्रष्टाचार हो रहा है।



