अंबिकापुर। जिला निर्वाचन अधिकारी कुंदन कुमार के मार्गदर्शन में शत-प्रतिशत मतदान हेतु जागरूकता अभियान के तहत आज स्वीप सरगुजा द्वारा गांधी स्टेडियम में क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। मतदाता जागरूकता क्रिकेट मैच के माध्यम से शहर के युवा मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रशासन एलेवन और पुलिस प्रशासन एलेवन के बीच क्रिकेट मैच खेला गया। मैच में जिला प्रशासन एलेवन ने टॉस जीतकर बैटिंग करते हुए 15 ओवर में 70 रन लक्ष्य पुलिस प्रशासन को दिया। जवाब में पुलिस प्रशासन एलेवन की टीम ने सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल करते हुए मैच जीत लिया । इस दौरान छात्र-छात्राएं क्रिकेट मैच का लुत्फ लेते नजर आए। कलेक्टर कुंदन कुमार ने बताया कि जिले में 18-19 वर्ष के 24 हजार से ज्यादा युवा मतदाता पहली बार अपने मत का प्रयोग करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी और एसपी सुनील शर्मा ने जिले के सभी मतदाताओं से 17 नवंबर को शत-प्रतिशत मतदान करने अपील की है।




