सूरजपुर। (भूपेन्द्र राजवाड़े।)। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र के 578971 मतदाता 17 नवम्बर को वोट डालते हुए लोकतंत्र के महापर्व में भाग लेंगे। 42 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 3 दिसंबर को मतगणना के साथ होगा। इस बार के विधानसभा चुनाव में महिला मतदाताओं की अपेक्षा पुरूष मतदाताओं की संख्या अधिक है। सूरजपुर जिले अंतर्गत शामिल तीनों विधानसभा क्षेत्र प्रेमनगर-04, भटगांव -05 व प्रतापपुर -06 तथा आंशिक रूप से शामिल अम्बिकापुर विधानसभा में कुल 728 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। जिसमें से 53 शहरी क्षेत्र व 675 ग्रामीण क्षेत्र में स्थित है। इन मतदान केन्द्रो में 25 संगवारी मतदान केंद्र हैं, जिसके संचालन की सम्पूर्ण जिम्मेदारी महिला कर्मियों की है। विधानसभा क्षेत्र प्रेमनगर अंतर्गत 10, भटगांव 10 एवं प्रतापपुर में 5 संगवारी मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक-एक अर्थात कुल 3 दिव्यांग बूथ बनाया गया है। इसके साथ ही एक युवा बूथ निर्धारित किया गया है। जिले के तीनों विधानसभा में पुरूष मतदाताओं की संख्या 289232 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 289731 व थर्ड जेण्डर मतदाताओं की संख्या 8 है। जिसमें 18 प्लस आयु वर्ग में 25045 मतदाता, दिव्याग वर्ग में 330 मतदाता व 80 प्लस आयु वर्ग में 4089 मतदाता शामिल हैं। जिले के विधानसभा प्रेमनगर, भटगांव व प्रतापपुर के पुरूष, महिला व थर्ड जेण्डर को मिलाकर कुल 578971 है, जो आज द्वितीय चरण के मतदान में भाग लेकर अपने मतदाधिकार का प्रयोग करेंगे। विधानसभा निर्वाचन में महिला मतदाताओं की संख्या पुरूषों से अधिक होने के कारण विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशी भी महिला मतदाताओं को रिझाने में जुटे हुए थे।
18 प्लस आयु वर्ग के 8760 नए मतदाता
जिले के तीनों विधानसभी क्षेत्र व अम्बिकापुर के एक मतदान केन्द्र में 18 प्लस आयु वर्ग में कुल 8760 नए मतदाताओं का नाम जोड़ा गया है। जिसमें विधानसभा क्षेत्र 04 प्रेमनगर में 3783, 05 भटगांव में 3763, 06 प्रतापपुर में 1193 एवं विधानसभा अम्बिकापुर के 01 मतदान केन्द्र में 21 कुल 8760 मतदाताओं का नाम शामिल है। जो पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर मतदान करेंगे। वहीं जिले में 18 प्लस आयु वर्गके 25045 मतदाता वोट डालेंगे।
80 प्लस आयु वर्ग के 4089 मतदाता
80 प्लस आयुवर्ग के वरिष्ठ मतदाता विधानसभा क्षेत्र 04 प्रेमनगर में 2264 05 भटगांव में 1774, 05 प्रतापपुर में 830 एवं 10 अम्बिकापुर में 21 इस प्रकार सूरजपुर जिले में कुल 4089 मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में पंजीकृत है। जो अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। हालांकि इस बार के विधानसभा निर्वाचन में भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा बुजुर्गों के घर पहुंच मतदान की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। जिसमें कुछ बुजुर्ग मतदाता मतदान कर चुके हैं, लेकिन पंजीयन की बाध्यता होने के कारण बहुत मतदाता मतदान नहीं कर सके, जो आज मतदान केन्द्रों में मतदान करेंगे।




