(खबरी गुल्लक ब्यूरो)
सूरजपुर। (भूपेंद्र राजवाड़े)। अपने से चार वर्ष अधिक आयु की युवती के साथ प्रेम विवाह रचाने वाले 26 वर्षीय युवक की आंखों में अचानक खून उतर आया, पहले उनके बीच विवाद हुआ, इसके बाद युवक ने अचानक आपा खो दिया और टांगी से पत्नी सबिता के गले में कई बार वार करने के बाद कमरे में फांसी लगा जान दे दिया। इस घटना से गांव में सनसनी फ़ैल गई। उसकी पत्नी फिलहाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में जीवन और मृत्यु से जूझ रही है। घटना के संबंध में पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम त्रिपुरेश्वरपुर में करीब 8 साल पहले 30 वर्षीया सबिता नामक युवती से प्रेम संबंध स्थापित होने के बाद 26 वर्षीय दया दास ने प्रेम विवाह कर लिया था। विवाह के कुछ साल तक तो उनके बीच संबंध मधुर रहे। जीवन यापन बेहतर ढंग से चल रहा था, उन्हे खुश देखकर पड़ोसी भी सोचते थे प्रेम विवाह से इतना प्रगाढ़ संबंध भी कैसे बन सकता है, इन दोनो की चर्चा गांव वाले भी करते हुए दूसरों को उदाहरण देते थे। मगर उनकी खुशियों को न जाने किसकी नजर लग गई। पिछले तीन - चार साल से उनके बीच अक्सर किसी बात को लेकर विवाद होने लगा। पड़ोसियों के मुतबिक उनके बीच मारपीट भी होती थी। आज 21 नवंबर को भी सुबह उनके बीच विवाद हुआ और अचानक आवेश में आकर दयादास ने टांगी से पत्नी सबिता के गले में ताबड़तोड़ कई बार वार कर गंभीर रूप से घायल कर घर के गेट में छोड़ खुद को कमरे में बंद कर लिया। कुछ देर बाद पड़ोसी जब उधर पहुंचे तो सबिता को खून से लथपथ पाकर पुलिस को सूचना दी। खबर पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सबिता को नजदीकी रामानुजनगर अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे रेफर करने पर सूरजपुर जिला अस्पताल में लाया गया, यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों द्वारा पुनः रेफर किया गया, जिससे उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में वह जीवन और मौत से संघर्ष कर रही है।
ढूंढते समय पति फांसी पर मिला झूलता
महिला के ऊपर जानलेवा हमला होने के मामले में पुलिस उसके पति दया दास पर संदेह करते हुए ढूंढना शुरू किया। जब घर पर पहुंचे तो एक कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था, शोर मचाने पर भी किसी ने दरवाजा नही खोला तो पुलिस ने दरवाजे के पास बने छोटे दरार से झांक कर देखा, भीतर का नजारा देखकर चौंक पड़े। दो पैर झूलता नजर आ रहा था। फिर तत्काल छत पर चढ़े और सीट हटकर देखा तो दया दास को दुपट्टे के फंदे से फांसी पर मृत अवस्था में झूलता पाया। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।




