अंबिकापुर। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा चुनाव के तहत जिले में होम वोटिंग शुरू हो चुकी है। पहली बार विकलांगो और 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बुजुर्ग मतदाताओं को घर से मतदान करने की सुविधा मिली। होम वोटिंग से विकलांगो और बुजुर्गो ने चुनाव आयोग के इस फैसले और जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर कुंदन कुमार, एसपी सुनील शर्मा द्वारा आयोग के निर्देश का बेहतर क्रियान्वयन किए जाने से आभार भी जताया। दुरस्त और बीहड़ इलाकों में मतदान दल और जवान डाक मतपत्र के साथ पहुंचे और मतदान कराया। दिव्यांग मतदाता धर्मेंद्र ने इस सुविधा पर बेहद खुशी जताई। उन्होंने कहा कि घर में मतदान की सुविधा मिलने से मताधिकार का उपयोग कर पाने में सहूलियत मिली।
होम वोटिंग की सुविधा मिलने से अमित काफी उत्साहित हैं, 2014 से व्हीलचेयर पर हैं। अमित बताते हैं पहले वोट डालने जाने में काफी दिक्कत होती थी, पर अब निर्वाचन आयोग द्वारा घर पर मतदान की सुविधा ने इस परेशानी को दूर कर दिया है।
अस्थिबाधित दिव्यांग पंकज गुप्ता उम्र 48, होम वोटिंग की सुविधा हेतु भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को धन्यवाद कर रहे हैं।




