शेखर के नाम से कमरा ले मुस्ताक ने इलाज के नाम पर मकान मालिक से ठगे तीन लाख रुपए ... खरीदा बाइक, मोबाइल ... वास्तविक नाम उजागर होने के बाद पहुंचा सलाखों के पीछे...
By -
नवंबर 30, 2023
0
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में नाम बदल किराए के मकान में निवास करते हुए मकान मालिक से मां के इलाज के नाम पर तीन लाख रुपए की ठगी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। राजपुर थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि आरोपी ने अपना नाम शेखर कुमार दुबे बताते हुए किराए पर मकान लिया था, बाद में पता चला कि उसका वास्तविक नाम मुस्ताक अंसारी है। घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि राजपुर के वार्ड क्रमांक 3 निवासी पीड़ित व्यक्ति ( प्राथी ) ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि सितंबर 2023 में एक व्यक्ति आया और बोला कि मैं फौजी हूँ, शंकरगढ़ में जॉब करता हूँ, तथा अपना नाम शेखर कुमार दुबे बताया, जिससे उन्होंने उसे रहने के लिए अपना मकान किराये पर दे दिया था। मकान मालिक के मुताबिक रहते -रहते आरोपी हम लोग के साथ घुल मिल गया । हम उसे परिवार के सदस्य की तरह मानने लगे । एक दिन आरोपी मुझे बोला कि मां की तबियत खराब है, पैसे की जरुरत है। जिससे वे उसके झांसे में आ गए और आरोपी ने इस तरह करीब तीन लाख रुपये की ठगी कर ली। 28 नवंबर 2023 को पता चला कि आरोपी का वास्तविक नाम शेखर कुमार दुबे के बजाय मुस्ताक अंसारी पिता सलामत शेख उम्र 39 वर्ष साकिन बिडाण्डा थाना मझिआंव जिला गढ़वा (झारखण्ड) का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि यह जानकारी मिलने पर प्रार्थी ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई, जिससे मामले में धारा 419, 420 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। बलरामपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने पूर्व में ही जिले के सभी थाना, चौकी प्रभारियों को क्षेत्र में किराये में रहने वाले बाहरी व संदिग्ध लोगो पर नजर रखने एवं मकान मालिको से किराये का फार्म भरकर थाना में जमा कराने हेतु पूर्व में आदेश दिया गया था, वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर तत्काल थाना राजपुर पुलिस द्वारा आरोपी मुस्ताक अंसारी को गिरफ्तार किया गया है, आरोपी मुस्ताक अंसारी से ठगी के रकम से खरीदा गया 1 नग प्लसर मोटर सायकल तथा 2 नग मोबाईल जप्त किया गया । कार्यवाही में राजपुर प्रभारी उप निरी. प्रमोद पाण्डेय, प्रआर श्याम लाल भगत, दीपचंद सिंह, आर. संजय जायसवाल, शैलेन्द्र तिवारी, लखेश्वर पैकरा, जनकधारी सेन, सैनिक सुशील यादव का विशेष योगदान रहा ।
Tags:




