बिग ब्रेकिंग : धान की मिसाई करते लगी आग ... थ्रेसर मशीन, ट्रेक्टर सहित पूरी फसल खाक ... लखनपुर के कुंवरपुर में हुई घटना ...
By -
नवंबर 30, 2023
0
लखनपुर। छग के सरगुजा जिले में विकासखंड लखनपुर के कुंवरपुर में 30 नवंबर गुरुवार को धान की मिसाई करने के दौरान आगजनी की हुई बड़ी घटना में थ्रेसर मशीन, ट्रेक्टर सहित दो से तीन एकड़ की कटकर रखी धान की फसल जलकर खाक हो गई। इस घटना से न सिर्फ किसान तबाह हो गया जबकि थ्रेसर और ट्रेक्टर मालिक को भी बड़ी क्षति हुई। घटना से गांव में हड़कंप मचा रहा। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक कुंवरपुर निवासी शिवचरण नामक किसान के द्वारा गुरुवार को आज ग्राम प्रधान सुब्रन के थ्रेसर मशीन ट्रेक्टर से धान की मिसाई कराया जा रहा था। इसी बीच पहले मशीन में आग लगी, फिर देखते ही देखते फसल और ट्रेक्टर भी चपेट में आ गई। घटना से किसानों में अफरातफरी मच गई और किसी प्रकार आग पर काबू पाने प्रयास किया जाता रहा मगर संसाधनों की कमी के चलते कामयाबी नहीं मिली और फसल सहित मशीन व ट्रेक्टर जल गई। आगजनी का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना से करीब दो से तीन लाख रुपए की क्षति होने का अनुमान है। अल्प व खंड वर्षा के बीच किसी प्रकार हाड़ तोड़ मेहनत कर फसल उगाने वाले परिवार में इस घटना से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं सीजन में थ्रेसर मशीन और ट्रेक्टर के जल जाने से मालिक को भी काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
Tags:




