एएसपी पुपलेश के नेतृत्व में पुलिस ने अंबिकापुर के कबाड़ गोदामों में दी दबिश ... संदिग्ध समान नजर आने पर किया सील ... आधा दर्जन कबाड़ियों के ठिकानों पर हुई जांच पड़ताल... मचा रहा हड़कंप...
By -
दिसंबर 06, 2023
0
अंबिकापुर। विधानसभा चुनाव संपन्न होने और सत्ता परिवर्तन के साथ ही पुलिस द्वारा अवैध कबाड़ और गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आज से कार्यवाही शुरू कर दी गई। लंबे समय बाद इस तरह की कार्यवाही होने से संदिग्ध समान खपाने वाले कबाड़ियों में हड़कंप मचा हुआ है। जांच पड़ताल के दौरान एक कबाड़ गोदाम को सील किया गया। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने एवं कबाड़ गोदामों मे किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों होने की आशंका पर सख़्ती से कार्यवाही कर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सरगुजा सुनील शर्मा के द्वारा कबाड़ गोदामों की सघन चेकिंग कर सख्त वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में बुधवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अखिलेश कौशिक की मौजूदगी में संयुक्त टीम द्वारा शहर के प्रमुख कबाड़ गोदामों पर छापेमार कार्यवाही की गई। इस दौरान संयुक्त पुलिस टीम द्वारा मिशन चौक, बिलासपुर चौक, खरसिया चौक एवं दरिमा मोड़ स्थित कबाड़ गोदामों की जांच कर कबाड़ गोदामों मे रखे सामानो का मिलान किया गया, जांच में संदेहास्पद पाये गए सामानो के सम्बन्ध मे दरिमा मोड़ स्तिथ कबाड़ गोदाम संचालक से पूछताछ किया गया संतोषजनक जवाब और दस्तावेज नहीं मिलने पर कबाड़ के चोरी के होने की आशंका पर वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने संचालक को नोटिस देकर कबाड़ गोदाम को सील करने की कार्यवाही की गई हैं। विदित हो कि कतिपय अधिकांश कबाड़ियों के द्वारा चोरी का सामान धडल्ले से खपाया जा रहा है। जिनके द्वारा योजनाबद्ध तरीके से कबाड़ बिनने वाले नशेड़ी गिरोह का संचालन किया जाता है। कबाड़ बिनने के बहाने नशेड़ी, घरों के सामने से कीमती सामान भी बोरी में भर पार कर देते हैं, कई बार घर दरवाजा खुला होने पर मौका पा भीतर घुस भी समान चोरी कर लेते हैं। नागरिकों का आरोप है कि शहर के कई कबाड़ियों के द्वारा चोरी की मोटरसाइकिल, चार पहिया वाहन सहित अन्य भारी वाहनों को भी खपाया जा रहा है। आधुनिक व बड़ी मशीनों से देखते ही देखते बड़ी वाहनों का भी अस्तित्व मिट जाता है , कलपुर्जे टुकड़ों में बंट जाते हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि इस ओर बारीकी से जांच की जाए तो बड़े गोरखधंधे का खुलासा होगा। आज की कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राजेश सिंह, थाना प्रभारी मणीपुर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, सहायक उप निरीक्षक भूपेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक विवेक पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक नवल किशोर दुबे, सहायक उप निरीक्षक कृष्णा कुमार यादव, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, आरक्षक विकाश सिंह, अमित विश्वकर्मा, संजीव चौबे, राहुल सिंह, अतुल शर्मा शामिल रहे।
Tags:




