सरगुजा के इस इलाके में माता बनी कुमाता ... शराबी पति से परेशान होकर 8 माह के मासूम पुत्र का रेत डाली गला ... पेट में भी चाकू से वार ... हैवानियत देख लोगों का कांप गया रूह..
जनवरी 26, 2024
0
अंबिकापुर। पूत कपूत हो सकता है मगर माता कभी कुमाता नही हो सकती ... वह हर हाल में पुत्र की रक्षा करने के साथ मंगल कामना ही करती है, मगर दुनियां में कुछ महिलाएं ऐसी भी होती हैं जो मां के प्रति इस धारणा को न सिर्फ तार - तार करतीं हैं बल्कि कलेजे के टुकड़े मासूम पुत्र की हत्या करने से भी गुरेज नहीं करती हैं। इसी तरह की दिल दहला देने वाली एक घटना छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के कुन्नी चौकी क्षेत्र में 25 जनवरी की रात हुई, जहां शराबी पति से परेशान एक महिला ने कथित तौर पर न सिर्फ अपने 8 माह के मासूम पत्र की गला रेत हत्या कर दी, बल्कि हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए पेट में भी चाकू से वार कर दी। इस वारदात के बाद मां फरार बताई जा रही है। घटना के संबंध में कुन्नी चौकी प्रभारी राजेश्वर महंत ने बताया कि ग्राम सकरिया निवासी पवन चौहान शराबी है। उसकी इस आदत के चलते पत्नी फुल कुंवारी और उसके बीच आए दिन विवाद होता था। इस घटना के संबंध में परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक 25 जनवरी की रात को भी पति शराब के नशे में चूर होकर घर पहुंचा तो पत्नी ने नाराजगी जताते हुए कथित तौर पर कहा था कि वह बच्चे को मार कर खुद भी जान दे देगी। इस विवाद के बाद एक पलंग में बच्चे के साथ दोनो सोए हुए थे। आज 26 जनवरी को तड़के करीब चार बजे पति उठा और पत्नी को गुड़ाखू लाने कहा, पत्नी गुड़ाखू लाने के नाम से कमरे से बाहर निकली और वापस नहीं लौटी। इसके थोड़ी देर बाद जब पति की नजर बेटे पर पड़ी तो उसकी चीख निकल पड़ी। मासूम पुत्र खून से लथपथ था, उसके गले में रेते जाने का निशान और पेट में भी जख्म देख उसे माजरा समझने में देर नहीं लगी। खबर पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा पोस्टमार्टम की कार्यवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। हत्या की संदेही मां फरार है। यह आशंका जताई जा रही है कि कहीं मां ने भी तो आत्मघाती कदम नहीं उठा लिया। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। इस मामले में बड़ा सवाल यह भी है कि यदि मां ने पुत्र की हत्या की है तो इसकी वजह क्या है? क्या पति के शराबी होने पर एक मां अपने पुत्र की इस तरह हत्या कर सकती है, या कोई और वजह है।



