बिग ब्रेकिंग : सरगुजा संभाग पहुंचा कोरोना संक्रमण ... सूरजपुर जिला के इस इलाके में मिले दो केस, संपर्क में आए सभी लोगों का रिपोर्ट निगेटिव आने से राहत... एक्टिव केस होम आइसोलेशन पर, आरटीपीसीआर सैंपल भेजा गया वायरोलजी लैब ...
By -
जनवरी 04, 2024
0
सूरजपुर।(भूपेंद्र राजवाड़े)। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला में लंबे समय बाद कोरोना के दो सक्रिय केस की पुष्टि हुई है। राहत की बात यह है कि दोनो एक ही परिवार के सदस्य हैं, और उनकी कोई बाहरी ट्रेवल हिस्ट्री नही है। उनके संपर्क में आए परिवार के सदस्यों और परिचितों को मिलाकर कुल 12 लोगों का भी सैंपल लिया गया था, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। सूरजपुर जिला के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आरएस सिंह ने बताया कि प्रतापपुर क्षेत्र के एक परिवार की महिला और पुरुष जिनकी आयु 50 से 55 वर्ष के बीच है, उन्हे बुखार सहित सर्दी, खांसी के लक्षण थे। स्वयं से दवा का सेवन करने पर भी जब ठीक नहीं हुए तब वे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे, जहां एंटिजन किट से जांच करने पर दोनो की रिपोर्ट कोराेना पॉजिटिव आई थी। चिकित्सकों द्वारा उन्हें स्वास्थ्य के अनुरूप जरूरी सलाह और दवाइयां देते हुए होम आइसोलेशन पर रखा गया है और कोरोना गाइड लाइन का पालन करने कहा गया है। एक सप्ताह तक उन्हे होम आइसोलेशन पर रहना होगा, जिसमें से दो दिन वे बीता चुके हैं। उनका आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल वायरोलाजी लैब अंबिकापुर भेजा गया है, यदि रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो वेरिएंट की जांच के लिए जिरोम सैंपल रायपुर भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि उनके संपर्क में आए करीब 12 लोगों का भी सैंपल लिया गया था ,जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आने से राहत है। उन्होंने आमजन से अपील कर कहा है कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। संक्रमण से बचाव के लिए जागरूकता के साथ सावधानी जरूरी है। नए संक्रमितों में संक्रमण की तीव्रता काफी कम थी, इसलिए संपर्क में आए लोगों की रिपोर्ट निगेटिव है। उन्होंने कहा कि जिले में रोज लगभग 100 लोगों का सैंपल लिया जा रहा है, जिसमें पॉजिटिव दर एक प्रतिशत भी नहीं है। सरगुजा संभाग में दो केस की पुष्टि होने पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड़ पर आ गया है। शासन के निर्देश पर जरूरी तैयारियां की जा रही है।
Tags:




