सूरजपुर। (भूपेंद्र राजवाड़े)। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला के ओडगी विकासखंड के प्राथमिक पाठशाला खैरा में आकाशीय बिजली गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई है तो वही चार बच्चे व महिला स्वास्थ्य कर्मी झुलस गए । घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया जहाँ से प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल सूरजपुर रेफर कर दिया गया। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक खैरा पंचायत के प्राथमिक शाला में आज मंगलवार को टीकाकरण किया जा रहा था, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता बच्चों का टीकाकरण कर रही थी। इसी बीच मौसम ने रुख बदला और बारिश, हवा के साथ बादल गरजने लगे। जिससे सभी स्कूल में के भीतर खड़े हो गए, तभी आकाशीय बिजली मौत बनकर स्कूल भवन में गिरी। उस दौरान स्कूल में 30 बच्चे सहित स्वास्थ कार्यकर्ता खड़ी थी। गाज की चपेट में आने से एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 4 बच्चों के साथ महिला स्वास्थ्यकर्मी झुलस गई। घटना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। बिजली भी गुल हो गई। सभी को अस्पताल ले जाया गया, बिजली नही होने से घायलों के उपचार में चिकित्सकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है । स्कूल प्रबंधन और पुलिस ने बताया कि गाज से कक्षा चौथी के छात्र लक्ष्मण सिंह पिता रामलाल उम्र 9 वर्ष की मौत हो गई। जबकि अमरजीत सिंह पिता कुंभकर 8 वर्ष, सहदेव सिंह पिता रामनाथ 8 वर्ष, शिवराम सिंह पिता रामकिशन 10 वर्ष, भुवन सिंह पिता देवनारायण सिंह 8 वर्ष के साथ महिला स्वास्थ्य कर्मी ज्योति पैकरा झुलस गई है।
*




