![]() |
| खबरी गुल्लक डॉट कॉम : पुलिस छावनी में तब्दील प्रतापपुर |
सूरजपुर जिला के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में करीब एक माह पूर्व अपहृत दस वर्षीय मासूम रिशु कश्यप की जघन्य हत्या के मामले में लगातार दूसरे दिन भी आज प्रतापपुर में बवाल मचा रहा। मासूम रिशु कश्यप का अपहरण करने के बाद हैवानों ने उसके पिता को फोन कर 6 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। अपने कलेजे के टुकड़े मासूम पुत्र रिशु का अपहरण हो जाने से परिजनों में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। ठेला चला जीविकोपार्जन करने वाले गरीब पिता के समक्ष 6 लाख का बंदोबस्त 6 करोड़ से कम नहीं था। पिता किसी तरह बेटे की सकुशल वापसी के लिए फूंक फूंक कर कदम आगे बढ़ा रहे थे। मां का रो तो कर बुरा हाल था। अपहरण कर्ताओं के द्वारा जब निर्धारित अवधि के साथ रुपए के लिए फोन किया गया तो पिता की वेदना इस बातचीत की आडियो रिकार्डिंग में सुनी जा सकती है। पिता कहते हैं, मैं गरीब हूं, परिचितों से मदद मांगा हूं, घर बेचना पड़ेगा इसके लिए मुझे कम से कम तीन चार दिन का और समय दे दो, पत्नी का मंगल सूत्र, जेवर भी बेचना है ,मगर हैवानों का दिल नहीं पसीजा।
जरूर सुने हृदय विदारक कॉल रिकॉर्डिंग
पिता कहते रहे बेटे से एक बार मेरी बात करा दो, अच्छा चलो मेरी नही तो उसकी मां से बात करा दो, मां का रो रो कर बुरा हाल है, इतना एहसान कर दो, मगर हैवानों ने कहा नही समय बीत गया है, अभी बात नहीं करा सकते हैं वह दूर में है, पिता हैलो हैलो कहते रहे और हैवानों ने फोन काट दिया। अनुमान लगाया जा रहा है कि अपहरण कर्ताओं के द्वारा जब यह फोन किया गया तब तक वे मासूम की हत्या कर चुके थे। इधर मासूम का कंकाल मिलने के दूसरे दिन आज सोमवार को व्यवसाइयों ने अपनी दुकानें बंद रखी और समूचा प्रतापपुर सड़क पर उतर आया। नागरिकों के द्वारा हत्यारों को फांसी की सजा किए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। प्रतापपुर में तनाव की स्थिति के बीच भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। एडिशनल एसपी शोभराज अग्रवाल के साथ जिले के अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। ज्ञात हो कि रिशु की हत्या के मामले में पुलिस के द्वारा दो पड़ोसियों को गिरफ्तार किया गया है। इधर बालक की मौत से नागरिकों का आक्रोश देख पुलिस भी सकते में आ गई है । बड़ी संख्या में पुलिस बल संदेहियों के घर को सुरक्षा घेरे में लेते हुए संदेहियो को न्यायालय ले जाया गया।
29 जनवरी को हुआ था अपहरण
विदित हो कि प्रतापपुर निवासी अशोक कश्यप का दस वर्षीय पुत्र स्वामी आत्मानंद स्कूल में कक्षा चौथी का छात्र था। गत 29 जनवरी को वह घर के सामने खेलते समय रहस्यमय ढंग से लापता हुआ था। मासूम को ढूंढने में नाकाम रहने पर परिजनों के द्वारा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इधर पुलिस ने भी मासूम को ढूंढने पूरा ताकत झोंक दिया था मगर ढूंढ पाने में कामयाब नही हो पाए थे। देर होने से परिजनों में किसी अनहोनी को लेकर चिंता के साथ रोष बढ़ रही थी।




