सूरजपुर। खबरी गुल्लक ।। 21 मार्च 2025 ।।
(भूपेंद्र राजवाड़े - ब्यूरो सूरजपुर)
छत्तीसगढ़ के आदिवासी अंचल सूरजपुर जिले में भी सायबर ठग पैर पसार रहे हैं। ठगी के रकम के लेनदेन के लिए ग्रामीण इलाकों के युवकों के नाम बैंक खाता खुलवा पासबुक, एटीएम कार्ड अपने पास रख रहें हैं, इसके एवज में 5 से 10 हजार रुपए थमा रहे हैं। गिरोह के सदस्य इसी प्रकार गांव - गांव में घूम म्युल खाते खुलवा मुख्य मास्टरमाइंड तक एटीएम कार्ड, खाता पहुंचा रहे हैं। चिंता का विषय यह भी है कि गांव में घूमने वाले गिरोह के द्वारा मुख्य सदस्यों को ठगी के लिए सिम कार्ड भी उपलब्ध कराया जा रहा है। यह खुलासा करते हुए सूरजपुर पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।मगर गिरोह के मुख्य सूत्रधार तक पुलिस अभी भी नहीं पहुंच पाई है, गिरोह के यह मास्टर माइंड पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए हैं, और तकलीफ बढ़ने पर झंडुबाम हमदर्द बन रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी साइबर ठगों के लिए म्यूल बैंक अकाउंट, एटीएम कार्ड उपलब्ध कराते थे। इसके साथ ही साइबर ठगों को मोबाइल सिम भी उपलब्ध कराते थे। इनके ऐसे 02 बैंक अकाउंट की पहचान की गई है, जिसमें 2 लाख रूपये से अधिक का ट्रांजेक्शन हुआ है। आरोपियों के म्यूल बैंक अकाउन्ट नंबरों एवं उनके मोबाईल नंबरों को सीज किया जा चुका है। पुलिस ने बताया कि भारतीय सायबर अपराध समन्वय केन्द्र (आई फोर सी) द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल (ज्वाईट साइबर क्राईम कार्डिनेशन टीम मैनेजमेंट इन्फारमेंशन सिस्टम) में स्थित विभिन्न बैंक शाखाओं में संचालित लेयर-1 पर कार्यवाही करने के संबंध में पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ से शिकायत प्राप्त हुआ जिसमें म्यूल अकाउंट खाता धारक आनंद कुमार साहू निवासी मदनेश्वरपुर थाना रामानुजनगर के बैंक ऑफ महाराष्ट्र व यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा सूरजपुर के एकाउंड शामील थे।
डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने ऑनलाईन सायबर फ्राड के शिकायतों का गंभीरता से लेते हुए शिकायत की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो से कराया। जांच उपरान्त साइबर फ्राड से संबंधित शिकायत में यूनियन बैंक सूरजपुर का खाता आनंद कुमार साहू के नाम से होने पर उसके विरूद्ध थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 150/25 धारा 413, 420, 120बी भादसं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान थाना सूरजपुर पुलिस ने पाया कि म्यूल एकाउंट खाता धारक आनंद कुमार साहू के खाते में अलग अलग राज्य से संबंधित सायबर क्राईम में ठगी की गई रकम करीब 2,04,981/- रूपये का लेन-देन किया गया है। प्रकरण में म्यूल बैंक एकाउन्ट संग्रहण कर साइबर अपराध के गिरोह को बैंक एकाउन्ट, एटीएम एवं मोबाईल सीम उपलब्ध कराने वाले सौरभ साहू व अमन साहू तथा बैंक खाता देने वाले आनंद कुमार साहू, विशाल साहू व सूर्या सोनवानी को पकड़ा गया। पूछताछ पर सभी ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। मामले में पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और आगे की कार्यवाही जारी है।
यह हुए गिरफ्तार
1. सौरभ साहू पिता राजेन्द्र प्रसाद साहू उम्र 29 वर्ष ग्राम सोनहत, हालमुकाम बी टाईप, मकान नंबर 53 विश्रामपुर
2. अमन साहू पिता राजकुमार साहू उम्र 19 वर्ष ग्राम कटकोना, थाना पटना, जिला कोरिया
3. आनंद कुमार साहू पिता कन्हैयालाल साहू उम्र 22 वर्ष ग्राम मदनेश्वरपुर थाना रामानुजनगर
4. विशाल कुमार साहू पिता पप्पू प्रसाद साहू उम्र 22 वर्ष ग्राम पम्पापुर, थाना सूरजपुर
5. सूर्या सोनवानी पिता ललन सोनवानी उम्र 19 ग्राम कटकोना, थाना पटना, जिला कोरिया
कार्रवाई में यह रहे सक्रिय
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो, सीएसपी एस.एस.पैंकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सूरजपुर विमलेश दुबे, एएसआई संजय सिंह, प्रधान आरक्षक कृष्णकांत पाण्डेय, प्रदीप उपाध्यक्ष, आरक्षक रौशन सिंह, युवराज यादव, विनोद सारथी, रविराज पाण्डेय, संत पैंकरा व कामेश्वर नेताम सक्रिय रहे।
अब जानिए क्या है म्यूल एकाउंट
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी करने वाले ठगी से अर्जित गई रकम अपने बैंक खातों में जमा नहीं कराते, इसके लिए वे दूसरों के बैंक अकाउंट का उपयोग करते हैं। इसके एवज में खातेदार को कुछ रकम दी जाती है। बैंक अकाउंट, डिजिटल वॉलेट या अन्य वित्तीय माध्यमों का उपयोग साइबर अपराधी ठगी की रकम या अवैध धन को एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसफर करने में करते हैं। ठगी की रकम को खपाने के लिए उनको बैंक खाते या वॉलेट की जरूरत पड़ती है। इसके लिए म्यूल अकाउंट का इस्तेमाल करते है। किसी व्यक्ति को पैसा नौकरी, इनाम या निवेश का लालच देकर अपने जाल में फंसाते हैं।




