पत्नी और तीन बच्चों के साथ आरोपी योगेश रोहिला
Khabri gullak।। 23 मार्च 2025 ।। सहारनपुर के ग्राम सांगाठेड़ा में भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य योगेश रोहिला ने रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात को अंजाम देते हुए पत्नी और तीन बच्चों को गोली मार दी। सिर से सटाकर पिस्तौल चलाए जाने पर पुत्री श्रद्धा रोहिला 8 वर्ष, पुत्र देवांश 7 वर्ष और शिवांश 4 वर्ष की मौत हो गई, जबकि पत्नी नेहा रोहिला 32 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है जहां वह जीवन के लिए संघर्ष कर रही है। पुलिस ने आरोपी योगेश रोहिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की आरंभिक जांच में पता चला कि आरोपी, अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था,जिसके चलते उसपर खून सवार हुआ और वारदात को अंजाम दिया। घटना के संबंध में पुलिस ने मीडिया को बताया कि भाजपा नेता योगेश रोहिला ने घटना दिवस शनिवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे घर आया और कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। करीब आधे घंटे बाद मकान के दूसरे ब्लॉक में रहने वाले चाची मीना सहित अन्य लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी। अनहोनी की आशंका पर योगेश की चाची मीना सहित अन्य परिजन पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। योगेश ने दरवाजा खोल कहा - मैंने पत्नी और तीनों बच्चों को गोली मार दी है। परिवारजनों ने कमरे के भीतर देखा तो योगेश की पत्नी व तीन बच्चे खून से लथपथ पड़े थे। पुत्री श्रद्धा की सांसे थम चुकी थी, जबकि पत्नी और दोनों पुत्र तड़प रहे थे। आरोपी ने खुद एडिशनल एसपी, कोतवाली प्रभारी सहित अन्य अधिकारी को फोन कर घटना की जानकारी देते हुए कहा मैंने परिवार को मार दिया है,मैं आत्महत्या कर लूंगा। आरोपी की यह बातें सुन पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया,तत्काल मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार करते हुए चारों को मेडिकल कॉलेज में लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया जबकि पत्नी की हालत भी नाजुक होने पर अस्पताल में भर्ती कराया।
गांव में बड़े नेताओं जैसा रौब दिखाता था
पुलिस ने मीडिया को बताया कि योगेश ने पिस्टल का लाइसेंस 2013 में लिया था। वह दो माह से पत्नी को परेशान कर रहा था। गांव में योगेश ने बड़े नेताओं जैसा रौब दिखाता था। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष भी रह चुका है। संगठन के द्वारा उसे कई बार पार्टी से निष्कासित भी किया जा चुका है।
आरोपी ने कहा अपनी मां का पक्ष लेते थे बच्चे
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कहा कि तीनों बच्चे अपनी मां का पक्ष लेते थे। झगड़ा होने पर बच्चे कहते थे कि पापा गलत हैं, मम्मी ही सही। इस कारण बच्चों को गोली मार दी। पुलिस ने जब आरोपी को पकड़ा तब उसके चेहरे पर शिकन तक नहीं थी। योगेश मानसिक तनाव से गुजर रहा था।




