सूरजपुर। खबरी गुल्लक।। 21 मई 2025।।
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के ग्राम नेवरा स्थित विराट सॉल्वेंट प्लांट में मंगलवार की रात घातक हथियारों से लैस 4 दर्जन से भी अधिक बदमाशों ने हमला कर जमकर आतंक मचाया। प्लांट में तोड़फोड़ करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की और कथित तौर पर 27 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। हमले में प्लांट के संचालक, उनके दो बच्चों और एक कर्मचारी को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। व्यवसाई के द्वारा तोड़फोड़ से एक करोड से अधिक के नुकसान का दावा किया गया है। पुलिस के द्वारा प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर जब्त कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। फैक्ट्री संचालक ने दावा किया है कि यह मामला रंगदारी से जुड़ा हुआ है। घटना दिवस मंगलवार की रात करीब 9 बजे अचानक बड़ी संख्या में हथियारों से लैस बदमाश प्लांट में घुस आए और तोड़फोड़ शुरू कर दिया। कार्यालय के अंदर भी उन्होंने तोड़फोड़ की। विरोध करने पर प्लांट के संचालक, उनके दोनों बच्चों और एक कर्मचारी पर प्राणघातक हमला बोल दिया। कार्यालय में घुस गए और कंप्यूटर सहित अन्य उपकरणों में तोड़फोड़ करते हुए कई कागजातों को आग लगा दिया। फिर दराज और आलमारी में रखे रुपए निकाल लिए।
कुछ दिनों पूर्व कुछ लोगों ने की थी पैसे की मांग
हमलावर प्लांट के बाहर रखे कार और कई बाइक में भी तोड़फोड़ करते हुए फरार हो गए। खबर पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्लांट के संचालक, दोनों बच्चों और कर्मचारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्लांट के संचालक ने बताया कि कुछ दिनों पहले कुछ लोगों ने पैसे की मांग की थी। उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा कि रंगदारी के तौर पर रुपए की मांग की जा रही थी, अनुमान है कि रुपए देने से इंकार करने पर संभवतः उन्हीं लोगों ने घटना को अंजाम दिया होगा। पुलिस द्वारा बदमाशों की पड़ताल शुरू कर दी गई है।



