बतौली।। खबरी गुल्लक।। (अचल गुप्ता)।। 17 मई 2025। सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार टोप्पो ने आज क्षेत्र के विकास और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक अहम कदम उठाया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर सिलसिला पेट्रोल पंप के पास बैरिकेटिंग कार्य का शुभारंभ किया। शुभारंभ के अवसर पर विधायक श्री टोप्पो ने कहा, "राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह पहल की जा रही है। यह कार्य क्षेत्रीय विकास के लिए हमारे ट्रिपल एस वी आर सूत्र (सुरक्षा, सतर्कता, सुविधा, विकास और रोजगार) के तहत किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सीतापुर विधानसभा के सभी 23 सीमावर्ती इलाकों में इसी प्रकार की बैरिकेटिंग का कार्य किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य न केवल क्षेत्रीय सुरक्षा को सुनिश्चित करना है, बल्कि पर्यटन, रोजगार, शिक्षा और विकास को भी बढ़ावा देना है। विधायक ने यह भी कहा कि इस कदम से क्षेत्र में सुरक्षा के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और जनता को सुरक्षित यातायात की सुविधा मिलेगी। यह पहल न केवल दुर्घटनाओं को कम करेगी, बल्कि क्षेत्र की संरचनात्मक प्रगति को भी गति देगी।



