अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 17 मई 2025।।
भारतीय रेलवे की "अमृत भारत स्टेशन योजना" के अंतर्गत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित अंबिकापुर रेलवे स्टेशन का आज निरीक्षण दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री योगेश देवांगन द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान श्री देवांगन ने स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुविधा हेतु किए गए विकास कार्यों का जायज़ा लिया। इनमें स्टेशन भवन का आधुनिकीकरण, यात्री प्रतीक्षालयों का उन्नयन, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल सुविधा, प्लेटफार्म सौंदर्यीकरण, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं शामिल हैं।
उन्होंने निर्देशित किया कि यात्रियों को बेहतर सुविधा एवं सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए सभी व्यवस्थाओं को नियमित रूप से परखा और संचालित किया जाए। साथ ही स्टेशन परिसर की स्वच्छता एवं यात्री सेवाओं की गुणवत्ता को बनाए रखने पर विशेष बल दिया। श्री देवांगन ने कहा कि "अमृत भारत स्टेशन योजना" का उद्देश्य देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित करना है। अंबिकापुर स्टेशन का विकास इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे क्षेत्रीय यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इस दौरान वरि. मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह ने मीडिया से चर्चा कर पुनर्विकास कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी भी दी। निरीक्षण के दौरान वरि. मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।



