सूरजपुर।। खबरी गुल्लक।। 24 मई 2025।। (भूपेंद्र राजवाड़े जिला प्रतिनिधि सूरजपुर )
वाइल्डलाइफ कंट्रोल ब्यूरो और वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कुदरगढ़- भैयाथान रोड पर चपदा चौक के पास शिव मंदिर के समीप घेराबंदी कर मोटरसाइकिल पर सवार आरोपी को तेंदुए की खाल के साथ पकड़ा गया। आरोपी विपिन बिहारी गुर्जर पिता अरगु गुर्जर निवासी ठाड़पाथर के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेज दिया गया। यह घटना सूरजपुर वन मंडल में वन्यजीव संरक्षण को लेकर बार- बार सामने आ रही कमियों को रेखांकित करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष, वाहनों की चपेट में वन्यजीवों की मौत और तस्करी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बीते कुछ महीनों में कई वन्यजीवों की मौत की खबरें सामने आईं, लेकिन विभाग की ओर से इन घटनाओं को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जंगल में 'जंगलराज' की स्थिति बनी हुई है। तस्कर बेखौफ होकर अपनी गतिविधियां चला रहे हैं। तेंदुए की खाल और अन्य अंगों की तस्करी का नेटवर्क न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि देश के अन्य हिस्सों में भी सक्रिय है। बताया जा रहा है कि इनकी मांग अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पारंपरिक दवाओं, सजावटी वस्तुओं और अवैध व्यापार के लिए रहती है। सूरजपुर जैसे घने जंगलों वाले क्षेत्र तस्करों के लिए आसान शिकार बन रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि तस्करी रोकने के लिए निगरानी तंत्र को और मजबूत करने की जरूरत है।



