सूरजपुर।। खबरी गुल्लक।। 26 मई 2025।। (भूपेंद्र राजवाड़े - जिला प्रतिनिधि सूरजपुर)
अवैध अतिक्रमण के दौरान आंख मूंद कर बैठे रहने वाले अधिकारियों की मानसून सिर पर आते ही नींद खुल गई है। भरी बारिश में बुलडोजर लेकर पहुंचे तोडू दस्ते ने अतिक्रमण को ढहाने की कार्रवाई की और कब्जा करने वालों का परिवार बिलखता रहा। आशियाना उजड़ने से महिलाओं, बच्चों ,सामान सहित सड़क पर आए लोगों की चिंता इस बात को लेकर भी बढ़ गई है कि बारिश के मौसम में वे कहां जाएंगे। इधर अधिकारियों का कहना है कि जब यह जमीन आपकी नहीं है, पुश्तैनी नहीं, किसी से खरीदा भी नहीं है तो मकान दुकान कैसे बनवा लिया। बेशकीमती शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बनाने की जरूरत नहीं थी। प्रशासन अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए बाध्य है और इस तरह के किसी भी गतिविधि को प्रश्रय नहीं दिया जाएगा। विदित हो कि भैयाथान- सूरजपुर मुख्य मार्ग पर बसदेई चौक में सड़क मद की भूमि पर करीब दो दशक से काबिज लगभग दो दर्जन अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन में बुलडोजर चला कब्जा हटाने की कार्रवाई की है। बसदेई चौक के अतिक्रमणकारियों द्वारा पान ठेला, फल की दुकान, चाय नाश्ते की होटल, नई की दुकान, फोटोकॉपी, किराना सामान, श्रृंगार, इलेक्ट्रॉनिक, व सब्जी इत्यादि दुकानों का संचालन करते थे। ऐसे में उनका आशियाना टूट जाने से उनका दर्द छलक कर बाहर आया और वे रोते, बिलखते हुए प्रशासन के समक्ष दुकान न तोड़ने की गुहार लगाते रहे। इसके पूर्व प्रशासन द्वारा अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर कब्ज़ा हटाने कहा गया था, लेकिन तय समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटने पर राजस्व विभाग व पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चला जमीदोज कर दिया। इस दौरान एसडीएम शिवानी जायसवाल, तहसीलदार समीर शर्मा, नायब तहसीलदार इजराइल खान, राजस्व निरीक्षक रोशन मिंज, नगर पुलिस अधीक्षक एस एस पैकरा, नगर निरीक्षक विमलेश दुबे सहित बड़ी संख्या में राजस्व पटवारी, चौकीदार, पुलिस के जवान उपस्थित रहे।
अपनी दुर्दशा के लिए कब्जाधारी खुद जिम्मेदार
विदित हो कि इसके पूर्व भी जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी, लेकिन अतिक्रमणकरियो के द्वारा पुनः लगभग दो दर्जन लोगों द्वारा ठेला, गुमटी के साथ ही पक्के निर्माण कर लिए थे। मार्ग में आए दिन हो रही दुर्घटना के बीच प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि जब एक बार कब्जा हटा दिया गया था तो दोबारा कब्जा करने की क्या जरूरत थी। कब्जाधारी अपनी दुर्दशा के लिए खुद जिम्मेदार हैं।
जीविकोपार्जन की समस्या हुई उत्पन्न
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि व कांग्रेस नेता लक्ष्मण राजवाड़े ने कहा कि राजस्व विभाग के द्वारा बसदेई चौक में नाप जोक कर सड़क मद की भूमि का चिन्हांगन किया गया था। जिस पर अधिकांश लोगों के द्वारा स्वेच्छा से वहां तक कब्जा हटा लिया गया था। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा बर्बरता पूर्वक उसके अतिरिक्त भूमि पर बने मकानों को भी ढहाया गया है। जिससे इन दुकानदारों के समक्ष जीविकोपार्जन की समस्या उत्पन्न हो गई है।
इन्होंने किया है अवैध अतितिक्रमण
चौक के एक ओर ग्राम पंचायत लोधीमा के नीलकंठ राजवाड़े, देव साय राजवाड़े, परमानंद राजवाड़े, केवला प्रसाद राजवाड़े, बसंत राजवाड़े, लक्ष्मण राजवाड़े, लक्ष्मण राजवाड़े हरि ओम, स्वर्गीय संतु, हेमंत राजवाड़े, रोहित राजवाड़े, कुंवर राजवाड़े, राधा राजवाड़े, विश्वनाथ राजवाड़े, हुलास राजवाड़े, धर्मेंद्र राजवाड़े, टेम साय राजवाड़े, ललित राजवाड़े, धर्मपाल, मोहित राजवाड़े, सीताराम गोपाल व बाबूलाल। वहीं दूसरी ओर बसदेई के सुदामा, सुखन, दिलेश, प्रमोद, परमात्मा, मोहन सहित अन्य लोगों ने अवैध अतिक्रमण किया है।



