ADD

सरगुजा में पहले लबालब गढ्ढे ने दो मासूमों को डसा... फिर क्रूर और भ्रष्ट सिस्टम ने मानवता को कर दिया शर्मसार ...!

0


 अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 19 मई 2025।। 
सरगुजा के रघुनाथपुर क्षेत्र में पहले लबालब गढ्ढे ने दो मासूमों को डसा... फिर क्रूर और भ्रष्ट सिस्टम ने मानवता को शर्मसार कर दिया।  अपने हृदय के टुकड़ों की मौत से गमजदा परिजनों से पोस्टमार्टम के नाम पर चिकित्सक ने 10 हजार रुपए की मांग कर दी। असमर्थता जताए जाने पर भी चिकित्सक का दिल नहीं पसीजा, और बगैर पोस्टमार्टम शव को ले परिजन मोटरसाइकिल से गांव लौट गए। जब जागरूक लोगों ने पोस्टमार्टम को जरूरी बताया तो दोबारा शव ले अस्पताल पहुंचे। इस बार स्वास्थ्य विभाग के अफसर की फटकार से चिकित्सक ने शवों का पोस्टमार्टम किया मगर शव वापस गांव ले जाने उन्हें मुक्तजंली वाहन तक नहीं मिल पाई। मजबूरन परिजन मोटरसाइकिल से शव को ले गांव पहुंचे और आज सोमवार को अंतिम संस्कार कराया गया। 

खेलते समय लबालब गढ्ढे में गिरे

घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक घटना दिवस रविवार को ग्राम सिलसिला के ढोंढाझरिया निवासी चचेरे भाई सूरज गिरी पिता विनोद गिरी 5 वर्ष और जुगनू गिरी पिता शिवा गिरी 5 वर्ष घर के सामने अन्य बच्चों के साथ खेल रहे थे जबकि माता पिता सहित परिवार के अन्य वरिष्ठ सदस्य काम करने के अलावा मछली पकड़ने गए थे। इधर दोपहर करीब एक से डेढ़ बजे के बीच दोनों मासूम खेलते समय घर के समीप एक राजमिस्त्री के द्वारा मछली पालने के लिए खोदे गए गढ्ढे में जिसमें लबालब पानी भरा हुआ था कि तरफ गए, जहां दोनों बच्चों की जल समाधि हो गई।  दोपहर करीब दो बजे परिजन वापस लौटे और ढूंढना शुरू किया तब दोनों बच्चों का शव पानी से भरे गढ्ढे में मिला जिन्हें बाहर निकाला गया। 

परिजनों ने लगाया यह आरोप 

मृत बच्चों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि बच्चों को अस्पताल ले जाने एंबुलेंस नहीं मिली।  जिससे मोटरसाइकिल से ले जाना पड़ा। पुलिस ने पंचनामा किया, पोस्टमार्टम के लिए चिकित्सक ने उनसे मोबाइल बंद करवा कहा 10000 रुपए लगेंगे। परिजनों ने आरोप लगाया कि जब इनकार किया गया तो चिकित्सक द्वारा पोस्टमार्टम नहीं किया गया। और वे शव को मोटरसाइकिल से गांव ले आए। गांव में जागरूक युवाओं ने जब पोस्टमार्टम को जरूरी बताया तो वे दोबारा शव को ले अस्पताल आए। Bmo से शिकायत की गई। जिसपर bmo द्वारा चिकित्सक को फटकार लगाया गया था, जिसके बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।  मगर शव घर ले जाने एंबुलेंस नहीं मिलने पर बाइक से घर ले गए। 

सीएमएचओ ने कहा जांच के लिए होगा टीम गठित

इस संबंध में cmho डॉ ps मार्को ने कहा कि संबंधित चिकित्सक से पूछताछ की गई है,उन्होंने रुपए मांगने के आरोपों से इंकार किया है। चिकित्सक का कहना है कि परिजन शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाह रहे थे।  जिसके एवज में पैसा देने की बात कह रहे थे। उनके द्वारा किसी से रुपए नहीं मांगा गया। हालांकि उन्होंने परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के लिए टीम गठित करने की भी बात कही है। उन्होंने कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। 


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)