अंबिकापुर/ सूरजपुर।। खबरी गुल्लक।।
भारतीय पत्रकार समिति छत्तीसगढ़ के द्वारा सूरजपुर में बैठक का आयोजन कर जिला इकाई सूरजपुर का गठन किया गया बैठक की अध्यक्षता प्रदेश महासचिव अखिलेश जायसवाल एवं संभागाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार यादव ने की। क्षेत्रीय स्तर पर पत्रकारों को आने वाली विभिन्न चुनौतियों, प्रशासन से समन्वय की आवश्यकता, तथा पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को प्रमुखता से उठाया। इस अवसर पर पत्रकारों ने एकमत होकर निष्पक्ष और निडर पत्रकारिता की भावना को मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। बैठक में वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मी साहू को समिति सूरजपुर जिला अध्यक्ष और मोहन प्रताप सिंह को जिला महासचिव नियुक्त किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट करते हुए कहा कि वे पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
पत्रकारिता बड़ी चुनौती -अखिलेश जायसवाल
प्रदेश महासचिव अखिलेश जायसवाल ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। ऐसे में प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून का लागू होना अत्यंत आवश्यक है। सरकार और प्रशासन के साथ तालमेल बनाकर सूचनाओं का आदान-प्रदान करना चाहिए ताकि योजनाओं की सही जानकारी जनता तक पहुंच सके। उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि वे भ्रामक समाचारों से दूरी बनाए रखें, क्योंकि जनता मीडिया पर भरोसा करती है और यह पत्रकारों की नैतिक जिम्मेदारी है कि वे तथ्यपरक और संतुलित खबरें प्रकाशित करें।
पत्रकार समाज का आईना – प्रफुल्ल यादव
संभाग अध्यक्ष प्रफुल्ल यादव ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है, पत्रकारों को अपनी भूमिका को सजगता और ईमानदारी से निभाना चाहिए। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और पत्रकारों की समस्याओं के निराकरण में सहयोग की बात कही।
पत्रकारिता में संतुलन की आवश्यकता – राजेश गुप्ता
सरगुजा जिलाध्यक्ष राजेश प्रसाद गुप्ता ने भी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों को खबरें प्रकाशित करते समय तथ्यों की जांच कर संयमित शब्दों का प्रयोग करना चाहिए। इससे समाज, शासन और प्रशासन के बीच समन्वय बना रहेगा और पत्रकारिता की गरिमा भी सुरक्षित रहेगी।
बैठक में खबरी गुल्लक सूरजपुर के जिला प्रतिनिधि भूपेंद्र कुमार राजवाड़े, हजारीलाल साहू, मोहम्मद सुल्तान, सरगुजा जिला महासचिव अमोद कुमार तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी विजेंद्र प्रजापति, सह मीडिया प्रभारी सूरज जायसवाल,शशि रंजन सिंह, तुलेश्वर प्रजापति, रविचंद्र पांडे, महेश प्रजापति आदि उपस्थित थे।



