रायपुर।। खबरी गुल्लक ।।
छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान बोरे बासी दिवस के आयोजन में एक दिन में ही 8 करोड़ 32 लाख रुपए खर्च करने का मुद्दा विधानसभा में गरमाया रहा। इस पूरे मामले की विधायकों की कमेटी से जांच कराई जाएगी। विधानसभा में सत्तापक्ष के सदस्य राजेश मूणत ने ध्यानाकर्षण सूचना के जरिए यह मामला उठाया था। यह मामला उठाए जाने पर श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन द्वारा यह घोषणा की गई। हालांकि पहले श्रम मंत्री, विभाग स्तर पर ही जांच कराने पर जोर देते रहे। सत्तापक्ष के सदस्य अजय चंद्राकर और राजेश मूणत ने इस पर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारी अपने ही मामले की जांच कैसे करेंगे। विभाग से जांच कराने में कोई विश्वसनीयता नहीं रहेगी। सदस्यों के दबाव और मांग के बाद श्रम मंत्री को सदन की कमेटी से जांच कराने की घोषणा करनी पड़ी।




