नई दिल्ली।। खबरी गुल्लक ।। यात्री रेलवे स्टेशन या ट्रेन में सफर के दौरान होने वाली समस्याओं का समाधान अब व्हाट्सएप चैट के माध्यम से पा सकेंगे। इसके लिए भारतीय रेलवे ने मोबाइल नंबर 7982139139 जारी किया है।यात्री इस मंबर की मदद के नाम से अपनी समस्या शेयर कर सकता है। सूत्रों के मुताबिक नमस्ते, प्रणाम, हाय, हेलो लिखने पर सबसे पहला सवाल आएगा कि शिकायतकर्ता स्टेशन पर मौजूद सेवा की शिकायत करना चाहता है या रेलगाड़ी की सेवा से परेशानी हुई है। यात्री को अपना पीएनआर नंबर डालना होगा जिसके बाद वह अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा। वहीं, स्टेशन पर मौजूद शख्स वहां मौजूद कमियां जैसे एफओबी, पार्किंग, बेंच, शौचालय, स्टॉल आदि से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकेगा। यह शिकायत दर्ज होते ही अधिकारियों के पास पहुंचेगी और इसका तत्काल समाधान किया जाएगा। शुरुआती दिनों में उत्तर रेलवे के स्टेशनों एवं रेलगाड़ियों में सफर करने वाले यात्री ही शिकायत दर्ज कर सकेंगे। यह प्रयोग सफल होने पर इसे देश भर में लागू किया जाएगा।




