मैनपाट।। खबरी गुल्लक।। (महेश यादव)
सरगुजा जिले के सीतापुर तहसील के ग्राम देवगढ़ निवासी राहुल सिंह ने अपनी लगन और मेहनत के दम पर जिले का नाम रोशन किया है। रायपुर के माना स्थित 4वीं बटालियन शूटिंग रेंज में 28 अगस्त से 06 सितंबर तक आयोजित 24वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में उन्होंने 50 मीटर 3 पोज़ीशन इवेंट में द्वितीय स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता में हजारों खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। बिहार में ज़ोनल प्रतियोगिता और भोपाल में प्री-नेशनल शूटिंग। उनकी निगाहें राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाने और भारतीय टीम में शामिल होने पर टिकी हैं।
उपलब्धियाँ
2023 में शुरुआत – पहले ही प्रयास में राज्य स्तर पर 50 मीटर प्रोन इवेंट में कांस्य पदक। अलग-अलग प्रतियोगिताओं में भाग लेकर दिसंबर 2023 में राष्ट्रीय खिलाड़ी बने।
अब लक्ष्य – भारतीय टीम में चयन।
संघर्ष की कहानी
राहुल सिंह आदिवासी समाज के मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं। उनके पिता डीलेश्वर सिंह शिक्षक हैं । शूटिंग खेल महंगा होने के कारण उन्हें आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। शासन या खेल विभाग से अब तक किसी तरह की आर्थिक सहायता नहीं मिली है। इसके बावजूद सीमित संसाधनों में लगातार अभ्यास करते हुए राहुल ने यह मुकाम हासिल किया है।






