अंबिकापुर।।खबरी गुल्लक।।
धौरपुर पुलिस टीम ने हत्या के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी तिलक दास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने मामूली विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आए व्यक्ति की हत्या कर दी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की है। पुलिस ने बताया कि धौरपुर थाना क्षेत्र में मृतक नंदलाल दास (62 वर्ष) निवासी बकीला थाना लुण्डा की मृत्यु की जांच की जा रही थी। प्रारंभिक जांच में ज्ञात हुआ कि मृतक 15 सितंबर 2025 को अपने रिश्तेदार मोहर साय के घर ग्राम सखौली करमा नृत्य कार्यक्रम में शामिल होने गया था। अगली सुबह, 16 सितंबर को करीब 7 बजे मोहर साय के पड़ोसी तिलक दास और उसके साले राजकुमार पनिका उर्फ सोनू दास के बीच झगड़ा हो रहा था। इस दौरान नंदलाल दास ने बीच बचाव करने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, इससे नाराज होकर तिलक दास ने मृतक से कहा कि “तुम बीच में क्यों पड़ते हो,” और गुस्से में गला पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया तथा हत्या की नीयत से पैर से सात बार पेट पर वार किया। गंभीर रूप से घायल नंदलाल दास को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 18 सितंबर की रात उसकी मौत हो गई। घटना की जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान, स्थल निरीक्षण के आधार पर पाया कि आरोपी तिलक दास द्वारा जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाई गई थी। प्रमाण मिलने पर थाना धौरपुर में पुलिस टीम ने आरोपी तिलक दास (46 वर्ष) पिता गफुरन दास, निवासी सखौली महादेवपारा, थाना धौरपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया। धौरपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक अश्वनी दीवान के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक संजय लकड़ा, आरक्षक पंकज देवांगन, सुशील मिंज और प्रदीप बखला की टीम ने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



