अंबिकापुर।।रतनपुर।।खबरी गुल्लक।।
अंबिकापुर से रायपुर यात्री बस से वापस लौटने के दौरान झपकी आने पर एक सराफा व्यवसाई 90 लाख रुपए के जेवर की उठाईगिरी का शिकार हो गया। जब आंखे खुली तो व्यवसाई के होश उड़ गए। उसने रतनपुर थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक रायपुर निवासी सराफा व्यापारी किशोर रावल दिवाली सीजन को देखते हुए व्यवसाय के लिए अंबिकापुर आए थे । काम के बाद वे बस में बैठकर वापस रायपुर लौट रहे थे। उनके पास रखे बैग में 90 लाख रुपए के सोने चांदी के जेवर रखे थे। रस्ते में उन्हें झपकी लग गई। जब नींद खुली तो उसने अपना बैग खोलकर देखा तो उसमें ज्वेलरी नहीं थी। उसने बस चालक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद बस में सवार यात्रियों से ज्वेलरी की चोरी को लेकर पूछताछ की गई, पर किसी ने कुछ नहीं बताया। इसके बाद पीड़ित ने रतनपुर थाना में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने कहा कि अंबिकापुर से रतनपुर के बीच उपलब्ध सीसी टीव्ही कैमरे के फुटेज भी खंगाले जाएंगे।



