ADD

वारदात: प्रेमी ने नर्स प्रियंका दास की चाकू मारकर हत्या, चंद घंटों में पकड़ा गया आरोपी... आत्महत्या का रूप देने मृतिका के हाथ में पकड़ाया चाकू

0


रायपुर।। खबरी गुल्लक।।

राजधानी के लालपुर इलाके में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एमएमआई नारायणा अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत 21 वर्षीय प्रियंका दास की उसके कथित प्रेमी ने चाकू से एक ही वार में हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने मौके को आत्महत्या जैसा दिखाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने उसे कुछ ही घंटों में दबोच लिया।  

 सुबह लौटी रूममेट ने पाया शव  

प्रियंका दास की रूममेट, जो रात की ड्यूटी पर थी, गुरुवार सुबह लगभग 7 बजे लालपुर पटेल चौक स्थित किराए के कमरे में लौटी। जैसे ही उसने दरवाजा खोला, अंदर प्रियंका का रक्तरंजित शव पड़ा मिला। घबराकर उसने जोर से शोर मचाया, जिसके बाद आस-पास के लोग पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।  

 आरोपी का मृतका से था पुराना परिचय  

पुलिस ने शुरुआती जांच में पाया कि मृतका का कथित प्रेमी दुर्गेश वर्मा (21) से पिछले एक साल से संपर्क था। दोनों कुछ समय पहले कोटा रोड स्थित सुयश अस्पताल में साथ काम करते थे, जहाँ प्रियंका नर्स थी और दुर्गेश कंप्यूटर संबंधी कार्य देखता था। कुछ महीने पहले दुर्गेश ने नौकरी छोड़ी, जबकि प्रियंका एमएमआई नारायणा अस्पताल में नर्सिंग करने लगी।  

 शक के चलते हुआ विवाद  

एएसपी वेस्ट दौलतराम पोर्ते ने बताया कि आरोपी दुर्गेश को प्रियंका पर किसी अन्य व्यक्ति से संबंध रखने का शक था। कई दिनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। घटना से एक दिन पहले, यानी मंगलवार को, दुर्गेश ने दुकान से धारदार चाकू खरीदा। बुधवार रात 8-9 बजे के बीच दोनों की मुलाकात लालपुर में हुई। उसी दौरान आरोपी ने मौका पाते ही प्रियंका के सीने में चाकू घोंप दिया। पुलिस का कहना है कि वार इतना घातक था कि प्रियंका को बचने का मौका ही नहीं मिला और मौके पर उसकी मौत हो गई।  

 आत्महत्या का रूप देने की कोशिश  

हत्या करने के बाद आरोपी ने कमरे में रखा सब्जी काटने वाला दूसरा चाकू प्रियंका के हाथ में पकड़ा दिया, ताकि यह आत्महत्या लगे। फिर हत्या में इस्तेमाल चाकू अपने बैग में रखकर वहां से निकल गया। पुलिस ने तकनीकी जांच और रूममेट व मकान मालिक से पूछताछ कर आरोपी का पता लगाया। चंद घंटों में दुर्गेश को हिरासत में ले लिया और उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किया।  

 चिरमिरी से रायपुर पहुंचा परिवार  

प्रियंका दास मूल रूप से चिरमिरी निवासी थी और एक साल से रायपुर में रह रही थी। उसका परिवार गुरुवार दोपहर रायपुर पहुंचा। देर शाम तक पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जिसे शुक्रवार को कराया जाएगा। पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात की पूरी योजना कैसे बनाई गई।  

 एक साल से संपर्क में थे

एएसपी दौलतराम पोर्ते ने कहा, “प्रियंका और दुर्गेश का एक साल से संपर्क था। आरोपी को शक था कि प्रियंका किसी और से बात करती है। इसी विवाद और शक के चलते उसने हत्या की। मर्डर वैपन आरोपी के कब्जे से बरामद किया गया है और विस्तृत पूछताछ जारी है।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)