मुंबई।। खबरी गुल्लक।।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पहले चरण के उद्घाटन के मौके पर आयोजित जनसभा में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने 26/11 मुंबई आतंकी हमलों को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम के हालिया बयान का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस को देश को बताना चाहिए कि आखिर किसके दबाव में सैन्य कार्रवाई रोकी गई थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “कांग्रेस सरकार के एक बड़े नेता ने स्वीकार किया है कि 2008 के मुंबई हमले के बाद हमारी सेनाएं पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार थीं, लेकिन विदेशी दबाव में उस कार्रवाई को रोक दिया गया। देश को यह जानने का हक है कि वह कौन था जिसने मुंबई और देश की भावना के साथ खिलवाड़ किया।”
आतंकवाद के सामने कांग्रेस ने घुटने टेके
पीएम मोदी ने कहा कि मुंबई न केवल देश की आर्थिक राजधानी है, बल्कि भारत की जीवंतता का प्रतीक भी है।
उन्होंने कहा, “2008 में आतंकियों ने मुंबई को निशाना बनाया, लेकिन उस समय की यूपीए सरकार ने आतंकवाद के सामने घुटने टेक दिए। उनकी कमजोरी ने आतंकियों का हौसला बढ़ाया। आज का भारत आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारता है आपरेशन सिंदूर इसका जीता- जागता उदाहरण है।”
हमारे लिए देश की सुरक्षा सर्वोपरि
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के लिए देश और देशवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
“हम किसी विदेशी दबाव में नहीं झुकते। देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा हमारे संकल्प की नींव है।
नवी मुंबई हवाईअड्डा बनेगा एशिया का प्रमुख केंद्र
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के उद्घाटन पर पीएम मोदी ने कहा कि मुंबई को अब दूसरा बड़ा हवाईअड्डा मिल गया है, जो उसे एशिया के प्रमुख संपर्क केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।
उन्होंने कहा, यह हवाईअड्डा न केवल क्षेत्रीय और वैश्विक संपर्क बढ़ाएगा, बल्कि महाराष्ट्र के किसानों को पश्चिम एशिया और यूरोप के बाजारों से जोड़ेगा। इससे व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
प्रधानमंत्री ने बताया कि 19,650 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एयरपोर्ट का निर्माण 1,160 हेक्टेयर क्षेत्र में किया गया है। 2014 में देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, अब यह संख्या 160 से अधिक हो गई है। हमारा लक्ष्य इस दशक के अंत तक भारत को वैश्विक एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल) हब बनाना है।



