अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक ।।26 दिसंबर 2025
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र स्थित केरजू धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक दिनेश गुप्ता ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना देर रात की बताई जा रही है, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दिनेश गुप्ता पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे, और पैसों के लेन-देन से जुड़े विवाद से आत्महत्या की संभावना जताई जा रही है हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनेश गुप्ता शुक्रवार की रात से ही मानसिक रूप से विचलित नजर आ रहे थे। वे देर शाम समिति कार्यालय पहुंचे और रात 1 बजे तक वहां मौजूद रहे। इसके बाद 1 से 1:30 बजे के बीच वे घर लौटे। घर पहुंचने के महज कुछ मिनटों बाद ही उन्होंने फांसी लगा ली। सुबह परिवार वालों ने उनका शव लटका हुआ पाया, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
सीतापुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी अधिकारी ने बताया कि अज्ञात कारणों से आत्महत्या का मामला दर्ज किया गया है। अगर कोई आपराधिक साजिश या बाहरी दबाव का पता चला, तो कार्रवाई की जाएगी। धान खरीदी केंद्र धान सीजन के दौरान किसानों के लिए महत्वपूर्ण होता है, इस घटना से इलाके में सनसनी है। इस घटना ने कई सवालों को जन्म दिया है.. क्या यह महज मानसिक तनाव था या वित्तीय घोटाले का मामला? पुलिस की जांच से सच्चाई सामने आएगी।





