अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।।
युवाओं को नशे की गिरफ्त में झोंकने वाले दो दुकानदारों पर संयुक्त टीम ने शिकंजा कसते हुए आधुनिक नशे का चौंकाने वाला खुलासा किया। डीआईजी व एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर आबकारी, कोतवाली व मणीपुर थाने की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों दुकानों से प्रतिबंधित ई-सिगरेट, वेप, फ्लेवर लिक्विड व रिफिल सहित करीब 55 हजार रुपये का नशीला माल व 40 चाइनीज चाकू जब्त किए गए। एडिशन एसपी अमोलक सिंह ढिल्लो और सीएसपी आईपीएस अधिकारी राहुल बंसल ने बताया कि 5 फरवरी 2026 को मणीपुर थाना पुलिस को मुखबीर सूचना मिली कि जिला अस्पताल रोड पर मणीपुर स्कूल के सामने अमित मोबाइल व गिफ्ट गैलरी का संचालक अमित अग्रवाल प्रतिबंधित ई-सिगरेट व संबंधित सामग्री बेच रहा है। त्वरित कार्रवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पूछताछ पर आरोपी अमित अग्रवाल 35 वर्ष पिता सुरेश अग्रवाल निवासी मणीपुर ने कबूल किया कि वह दुकान पर ये सामान रखकर युवाओं को बेचता था। संयुक्त टीम ने आरोपी के दुकान से 148 नग फ्लेवर लिक्विड मूल्य 14,100 रुपये, 16 नग वेप, 2 नग इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट, 12 नग ब्रेन फ्रीजर फ्लेवर कुल मूल्य: 49,400 रुपये और 40 नग चाइनीज चाकू जब्त किया। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम सक्रिय रही।
पान ठेला व डेली नीड्स से रिफिल बरामद
उसी दिन आबकारी उड़नदस्ता टीम सरगुजा व कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि स्कूल रोड पर वाणीदूत एसटीडी पीसीओ के सामने सुशील कुमार केशरी अपने पान ठेले व डेली नीड्स दुकान पर ई-सिगरेट बेच रहा है। छापेमारी में आरोपी सुशील कुमार केशरी 35 वर्ष पिता स्व. प्रेमचंद केशरी निवासी वाणीदूत स्टूडियो के सामने, अंबिकापुर ने स्वीकार किया कि वह दुकान पर ये सामान रखकर बिक्री करता था। दुकान से 24 नग ई-सिगरेट रिफिल प्रत्येक 40 रुपये, कुल 960 रुपये, 10 नग फ्लेवर प्रत्येक 400 रुपये, कुल 4,000 रुपये कुल मूल्य: 4,960 रुपये जब्त किया।
इन धाराओं के तहत हुई कार्यवाई
दोनों मामलों में आरोपियों पर ई-सिगरेट (उत्पादन, निर्माण, आयात, निर्यात, परिवहन, विक्रय, वितरण, भंडारण और विज्ञापन प्रतिषेध अधिनियम 2019) की धारा 7 व 8, बीएनएस धारा 270 व कोटपा एक्ट धारा 6ख के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। युवाओं को नशे की लत लगाने से लोक स्वास्थ्य पर खतरा होने के कारण दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई पूरी की गई।
डीआईजी का आह्वान: नशे के खिलाफ जन जागरूकता जरूरी
डीआईजी व एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने भावी पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों, प्रधानाचार्यों, संचालकों व छात्र-छात्राओं के अभिभावकों से अपील की। उन्होंने कहा कि ई-सिगरेट व फ्लेवर लिक्विड की लत युवाओं को बर्बाद कर रही है। इनके नुकसानों के बारे में जागरूकता फैलाएं। समाज का सहयोग जरूरी है ताकि प्रतिबंध कानून को सख्ती से लागू किया जा सके। आम नागरिक ऐसी सूचनाएं कंट्रोल रूम नंबर 9479193599 पर दे सकते हैं।

.jpg)























