ADD

अंबिकापुर: साइबर ठगी, 10 कॉलेज छात्र गिरफ्तार, गेमिंग ऐप से मल्टी-लेवल धोखाधड़ी का पर्दाफाश

0

अंबिकापुर। खबरी गुल्लक।। 9 मई 2026

 सरगुजा जिले के थाना गांधीनगर पुलिस ने साइबर अपराध के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। ग्राम पंचायत सकालो  गांधीनगर के प्रार्थी सुजीत मंडल पिता सुकुमार मंडल की रिपोर्ट पर  धारा 318(4) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान 18 नवंबर 2025 को मुख्य आरोपी अनीश गिरी, सद्दाम आलम और वर्षा सिंह पोर्ते को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पूछताछ में पता चला कि अंबिकापुर के विभिन्न कॉलेजों के छात्र गेमिंग ऐप और फ्रॉड से प्राप्त अवैध राशि को अपने बैंक खातों में ट्रांसफर कर ATM से निकालते, फिर CDM मशीनों से अन्य खातों में जमा करते थे। इससे उन्हें कमीशन मिलता था। सूचना मिलते ही पुलिस ने 10 छात्रों को हिरासत में लिया, जहां सभी ने जुर्म कबूल कर लिया। 

 अन्य राज्यों में भी केस, मोबाइल जब्त

आरोपियों के बैंक खातों की जांच से सामने आया कि उनके खातों के खिलाफ अन्य राज्यों में भी मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 10 मोबाइल फोन जब्त कर सभी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। आरोपी लालच में अपने खाते 'मूल आउट' (mule account) के रूप में इस्तेमाल करने के लिए देते थे और खुद ATM से पैसे निकालकर अन्य खातों में ट्रांसफर करते थे।

 पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय

प्रकरण की संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक अमृत सिंह, अरविंद उपाध्याय, ऋषभ सिंह तथा साइबर थाने से प्रवीण प्रताप सिंह और विकास तिर्की की अहम भूमिका रही।

 डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने की यह अपील

डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने सभी अभिभावकों, शिक्षकों और नागरिकों से अपील की है कि बच्चों को लालच से दूर रखें। कभी भी अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या मोबाइल किसी को न दें या न बेचें। यह गैरकानूनी है और साइबर ठगी में आपके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।

सावधानियां

किसी लालच, फर्जी ऑफर या घर बैठे कमाई जैसे प्रलोभन में न फंसें।  OTP, ATM PIN, UPI PIN या व्यक्तिगत जानकारी शेयर न करें। अनजान लिंक, कॉल या मैसेज से सावधान रहें। साइबर फ्रॉड से बचें, जागरूक बनें और दूसरों को भी जागरूक करें। सावधान रहें, सुरक्षित रहें।

नोट - समाचार के साथ संलग्न फोटो AI से काल्पनिक है।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)